रुद्रपुर: पूर्व मेयर के देवर ने दोस्तों के साथ रेस्टोरेंट में की तोड़फोड़, मारपीट में चार घायल, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। देर रात खाना खाने के लिए रेस्टोरेंट पहुंचे भाजपा नेता के छोटे भाई और नगर निगम की पूर्व मेयर सोनी कोली के देवर अनिल कोली ने साथियों के साथ मिलकर एक रेस्‍टोरेंट में जमकर तोड़फोड़ की। विरोध करने पर उन्होंने रेस्टोरेंट स्वामी और उसके पार्टनर समेत चार लोगों पर भी हमला कर …

रुद्रपुर, अमृत विचार। देर रात खाना खाने के लिए रेस्टोरेंट पहुंचे भाजपा नेता के छोटे भाई और नगर निगम की पूर्व मेयर सोनी कोली के देवर अनिल कोली ने साथियों के साथ मिलकर एक रेस्‍टोरेंट में जमकर तोड़फोड़ की। विरोध करने पर उन्होंने रेस्टोरेंट स्वामी और उसके पार्टनर समेत चार लोगों पर भी हमला कर दिया। जिसके बाद आरोपी धमकी देकर फरार हो गए।

रेस्टोरेंट स्वामी कमलेश सिंह की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व भाजपा नेता के भाई और पूर्व मेयर सोनी कोली के देवर अनिल कोली और उसके छह अन्य साथियों के खिलाफ धारा 147, 323, 504, 506 व 427 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष पंतनगर राजेंद्र सिंह डांगी ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। जांच सिडकुल चौकी प्रभारी पंकज कुमार को सौंपी गई है, जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

मेट्रोपोलिस निवासी कमलेश सिंह पुत्र शिवानंद सिंह ने बताया कि ओमेक्स रोड पर उनकी इंडियन ग्रीन नाम से रेस्टोरेंट है। शनिवार रात साढ़े 11 बजे रेस्ट्रोरेंट बंद कर वे लोग खाना खा रहे थे। इसी बीच अनिल कोली पहुंचा और समोसे और खाने का आर्डर किया। उनके यह कहने पर कि रेस्टोरेंट बंद हो चुका तो उसने अपना नाम अनिल कोली बताते हुए उससे गालीगलौज करने लगा।

यह देख उसका पार्टनर उमेश गड़कोटी भी आ गया और अनिल कोली को समझाने का प्रयास करने लगा। इस पर वह उमेश पर हमला कर वहां से चला गया। कमलेश के मुताबिक जब तक वे लोग कुछ समझ पाते अनिल कोली अपने छह अन्य साथियों के साथ दोबारा रेस्टोरेंट में आ गया। इस दौरान उन्होंने रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर चार लोगों पर हमला कर दिया।

संबंधित समाचार