मुरादाबाद जिले में दांव पर खाकी का इकबाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। पुलिस के जिस मजबूत कंधे पर कानून व्यवस्था बहाल रखने का दारोमदार, जब उसके ही ऊपर हमले की घटनाएं सिलसिले की राह पर बढ़ चले तो खाकी के इकबाल पर सवाल तो उठेंगे। सवाल पूछे जाएंगे कि गंभीर हालात भांपने में स्थानीय पुलिस ने चूक क्यों की? महिला तांत्रिक के करतूतों का …

मुरादाबाद, अमृत विचार। पुलिस के जिस मजबूत कंधे पर कानून व्यवस्था बहाल रखने का दारोमदार, जब उसके ही ऊपर हमले की घटनाएं सिलसिले की राह पर बढ़ चले तो खाकी के इकबाल पर सवाल तो उठेंगे। सवाल पूछे जाएंगे कि गंभीर हालात भांपने में स्थानीय पुलिस ने चूक क्यों की? महिला तांत्रिक के करतूतों का ढिंढोरा थाने में पीटने वाले ग्रामीण पुलिस पर हमले के वक्त चुप क्यों बैठ गए? डिलारी में पुलिस पर हमला किसी सुनियोजित साजिश का हिस्सा तो नहीं? महिला तांत्रिक व उसके गुर्गों ने हमला करके पुलिस कर्मियों का मनोबल गिराने की कोशिश तो नहीं की। अचरज की बात है कि इन सुलगते सवालों का सामना करने की बजाय डिलारी पुलिस बैकफुट पर है। वारदात के 24 घंटे से अधिक गुजरने के बाद भी महिला तांत्रिक व उसके किसी गुर्गे की गिरफ्तारी करने में पुलिस विफल रही।
डिलारी में तैनात दारोगा कर्ण सिंह ने सोमवार को थाने में तहरीर दी। बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर सोमवार को वह हेड कांस्टेबल अरविंद त्यागी व महिला कांस्टेबल सपना के साथ मूलावान गांव पहुंचे। मूलावान के हासिम पुत्र मुख्तयार ने तहरीर देकर पुलिस को बताया था कि गांव का गुफरान पुत्र बुंदु व उसका बेटा रिजवान घर की तीन चार महिलाओं की मदद से तंत्र क्रिया करते हैं। गुफरान की बेटी तांत्रिक है। पूरा परिवार तांत्रिक क्रियाओं में लिप्त है। उनके घर उमड़ने वाली भीड़ व इससे उत्पन्न होने वाली परिस्थिति से ग्रामीणों के रातों की नींद उड़ गई है। शिकायत की जांच में पहुंचे पुलिस टीम पर महिला तांत्रिक व परिजनों ने हमला बोल दिया।

केस-1 -29 मई को सिविल लाइंस स्थित चक्कर की मिलक में तत्कालीन कैंप चौकी प्रभारी सुधीर कुमार ने हेड कांस्टेबल प्रेमराज, सिपाही इरफान व अरुण के साथ वारंटी की तलाश में चक्कर की मिलक पहुंचे। नब्बू के घर में नशे के दो कारोबारियों के छिपे होने की सूचना पर वहां छापेमारी की। महिलाओं ने पुलिसकर्मियों को गेट पर रोक लिया। नब्बू व उसकी बहनों ने शोर मचाय व भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया।

केस-2-16 मई 2021 को कटघर के करूला में दससराय चौकी इंचार्ज ने दलबल के साथ सट्टा व जुए के ठिकाने पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंका। चौकी इंचार्ज को जान बचाकर भागे। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन आरोपी गिरफ्तार हुए। तत्कालीन एसपी सिटी ने शेष बदमाशों की गिरफ्तारी का आदेश दिया। पुलिस के सख्त रुख के कारण कुछ ही दिनों में अन्य बदमाश भी दबोच लिए गए।

केस-3 तीन अप्रैल 21 को मैनाठेर में पुलिस टीम पर हमला हुई। तीन आरोपी गिरफ्तार हुए। पुलिस के मुताबिक मैनाठेर के असदपुर गांव में दो पक्षों में मारपीट हो गई। मौके पर पहुंचते ही पुलिस टीम पर हमला बोल दिया गया। आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने यासीन, शौकीन और खालिक निवासी असदपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस की सख्ती से तीनों आरोपी जेल भेजे गए।

केस-4 19 दिसंबर 20 को मैनाठेर के जटपुरा गांव में पुलिस टीम वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने पहुंची थी। दबिश के दौरान नदीम को पकड़ पुलिस लौट रही थी। आरोपित की मां इशरत और पत्नी फराना ने गिरफ्तारी का विरोध करते शोर मचाया। ग्रामीणों ने लाठी-डंडे से पुलिसकर्मियों पर हमला किया। उन्हें भागकर जान बचानी पड़ी। दो पुलिसकर्मी घायल भी हुए। मुख्य आरोपित नदीम, इशरत, मुस्तकीम, फराना, शाबिर, इस्लाम, शमशुल, असलम, तस्लीम, उस्मान, अहसन, रहीश आलम के खिलाफ केस दर्ज हुआ।

संबंधित समाचार