हल्द्वानी: गर्मी में हांफ रहे नलकूप, लोग पानी को तरस रहे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। जून की गर्मी के आगे जल संस्थान के नलकूप भी हांफने लगे हैं। बुधवार को गौजाजाली, तल्ली हल्द्वानी और दमुवाढुंगा क्षेत्र में पानी का संकट रहा। नलकूप चालू होने के बावजूद कई घरों में पानी नहीं पहुंचा तो लोगों ने जिम्मेदार अफसरों को खूब कोसा। ग़ोजाजाली के नलकूप से पानी की सप्लाई …

हल्द्वानी, अमृत विचार। जून की गर्मी के आगे जल संस्थान के नलकूप भी हांफने लगे हैं। बुधवार को गौजाजाली, तल्ली हल्द्वानी और दमुवाढुंगा क्षेत्र में पानी का संकट रहा। नलकूप चालू होने के बावजूद कई घरों में पानी नहीं पहुंचा तो लोगों ने जिम्मेदार अफसरों को खूब कोसा।

ग़ोजाजाली के नलकूप से पानी की सप्लाई तो होती है, लेकिन नलकूप का पानी अंतिम छोर तक नहीं पहुंच पाता है। बुधवार को करीब पचास घरों में पानी नहीं पहुंचा। चौधरी कॉलोनी के एसके जोशी, गणपति विहार के मोहम्मद आलम ने बताया कि पानी नहीं आने से बहुत दुश्वारियां सहनी पड़ती है। घर की महिलाएं बच्चों को पानी के लिए भटकना पड़ता है। पार्षद से लेकर जलसंस्थान के अधिकारियों से इस समस्या के बारे में कई बार कहा जा चुका है, लेकिन कोई हल नहीं निकलता। तल्ली हल्द्वानी के नीरज शर्मा ने बताया कि घर के नल से पानी आता देख महीनों हो गए हैं।

अब तो टैंकर पर ही निर्भर रहना पड़ता है। दमुवाढुंगा के राकेश सिंह ने बताया कि जब भी पानी की समस्या के बारे में संबंधित जेई को बताते हैं तो वह जल्द सुधार होने की बात कहकर समस्या टाल देते हैं। अधिशासी अभियंता एसके श्रीवास्तव ने बताया कि नलकूप अपनी क्षमता से ज्यादा क्षेत्र में पानी की सप्लाई देता है। क्षेत्र बड़ा है, इसलिए अंतिम छोर के घरों तक पानी नहीं पहुंच पाता है। दमुवाढुंगा में कई घर ऊंचाई पर हैं, इसलिए दिक्कत आती है। जहां दिक्कत ज्यादा है, सूचना मिलने पर वहां टैंकर भेजे जाते हैं।

संबंधित समाचार