हल्द्वानी में मल्टीस्टोरी पार्किंग बनाने की तैयारी, सिटी मजिस्ट्रेट और एसडीएम कार्यालय होगा शिफ्ट
हल्द्वानी, अमृत विचार। दिनों दिन जाम की समस्या से जूझ रहे कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में मल्टीस्टोरी पार्किंग और ऑडिटोरियम बनाने की तैयारी है। इसके लिए वर्तमान एसडीएम कोर्ट की जगह का उपयोग किया जाएगा। दरअसल सिटी मजिस्ट्रेट और एसडीएम कार्यालय के तहसील परिसर में प्रस्तावित बहुद्देश्यीय भवन में शिफ्ट होने जा रहा है। …
हल्द्वानी, अमृत विचार। दिनों दिन जाम की समस्या से जूझ रहे कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में मल्टीस्टोरी पार्किंग और ऑडिटोरियम बनाने की तैयारी है। इसके लिए वर्तमान एसडीएम कोर्ट की जगह का उपयोग किया जाएगा। दरअसल सिटी मजिस्ट्रेट और एसडीएम कार्यालय के तहसील परिसर में प्रस्तावित बहुद्देश्यीय भवन में शिफ्ट होने जा रहा है। इस मामले में मेयर डॉ. जोगेंद्र रौतेला ने डिजाइन और विस्तृत परियोजना आख्या तैयार करने वाली टाटा कंसलटेंसी के इंजीनियर्स के साथ चर्चा की है। जल्द ही इस पर अंतिम निर्णय होने की संभावना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हल्द्वानी के विकास के लिए दो हजार करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी। इसमें 300 करोड़ की लागत से तहसील की जगह पर हल्द्वानी एकीकृत प्रशासनिक, मनोरंजन और परिवहन परिसर बनना है। टाटा कंसलटेंसी इंजीनियरिंग इसकी प्लानिंग के साथ डीपीआर तैयार कर रही है। मेयर डॉ. रौतेला ने बताया कि सिटी मजिस्ट्र्रेट व एसडीएम कार्यालय नए परिसर में जाने से उक्त जमीन का सदुपयोग शहर की बेहतरी के लिए किया जाएगा। टीसीई से इसका डिजाइन तैयार करने को कहा गया है। पहली प्राथमिकता मल्टीस्टोरी पार्किंग की है। एसडीएम कोर्ट परिसर की जमीन का शहर हित में कैसे बेहतर उपयोग हो सकता है, इसको लेकर 28 जून को पार्षदों की बैठक बुलाई गई है।
प्रशासनिक भवन में यह बनना है प्रस्तावित
तहसील ऑफिस, सिटी मजिस्ट्रेट व एसडीएम ऑफिस, पुस्तकालय, सभागार, आडिटोरियम, भूमिगत पार्किंग, आधुनिक बस स्टेशन, महिला समूहों के उत्पादों के लिए स्टाल।
