सहारनपुर: नगर निगम की बैठक में मेयर और नगर आयुक्त भिड़े, मतभेद आये सतह पर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में सहारनपुर नगर निगम की कार्यकारिणी समिति की बैठक में शनिवार को मेयर संजीव वालिया और नगर आयुक्त ज्ञानेंद्र सिंह बैठक के बीच में ही आपस में भिड़ गये। दोनों ने एक-दूसरे पर तीखे आरोप भी लगाये। बैठक में अचानक उत्पन्न हुई इस स्थिति से पार्षद और दूसरे अधिकारी हक्क-बक्के रह गये। …

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में सहारनपुर नगर निगम की कार्यकारिणी समिति की बैठक में शनिवार को मेयर संजीव वालिया और नगर आयुक्त ज्ञानेंद्र सिंह बैठक के बीच में ही आपस में भिड़ गये। दोनों ने एक-दूसरे पर तीखे आरोप भी लगाये। बैठक में अचानक उत्पन्न हुई इस स्थिति से पार्षद और दूसरे अधिकारी हक्क-बक्के रह गये।

बैठक के बाद मेयर संजीव वालिया और नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने स्वीकार किया कि दोनों के बीच लंबे अर्से से आपसी मनमुटाव और निगम की कार्यप्रणाली को लेकर गहरे मतभेद हैं। समझा जाता है कि वालिया और सिंह, लखनऊ में उच्च प्रशासनिक स्तर पर एक दूसरे के खिलाफ अपनी शिकायतों को रख चुके हैं, लेकिन इस संबंध में कोई संज्ञान नहीं लिया गया।

माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का समर्थन नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह के साथ है। ज्ञानेंद्र सिंह इस पद पर विगत चार सालों से बने हुए हैं, जबकि मेयर संजीव वालिया का कार्यकाल दो-ढाई माह का ही रह गया है। इससे पूर्व भी निगम की बोर्ड की बैठकों में दोनों के बीच मतभेद उजागर हुए हैं, लेकिन जैसे-तैसे निगम का कामकाज चल रहा है।

बैठक में नगरायुक्त ने आरोप लगाया कि मेयर का ठेकेदारों को संरक्षण प्राप्त है और उनके कारण ही पशु मंडी के ठेकेदार से वसूली नहीं हो पाई है। बैठक में पार्षद मुकेश मक्कड़, अनिल पप्पू, अभिषेक उर्फ चिंटू अरोड़ा और आशुतोष सहगल ने कई प्रस्ताव रखे। मेयर संजीव वालिया ने नगरायुक्त पर आरोप लगाया कि उनकी कार्यप्रणाली के कारण नगर निगम की आय में वृद्धि नहीं हो पाई है। मेयर ने नगरायुक्त के खिलाफ एक शिकायती पत्र शासन को भेजा था जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि ज्ञानेंद्र सिंह निगम के कार्यों में रूचि नहीं लेते हैं।

बैठक में स्लाटर हाउस से नगर निगम की आय बढ़ाने के मुद्दे पर गंभीरता से विचार विमर्श हुआ। ज्ञानेंद्र सिंह ने पशु चिकित्साधिकारी डा. संदीप मिश्रा को निर्देश दिए कि वे एक सप्ताह के भीतर इस मद में आय बढ़ाने के सुझाव देने का काम करें।

पढ़ें-लखनऊ: ‘नगर निगम की गुंडई’ का VIDEO वायरल, शख्स को पीटा…परिवार से बदसलूकी

संबंधित समाचार