बिजनौर: ओवरटेक करते समय कैंटर ने बाइक सवारों को कुचला, एक की मौत
बिजनौर/नजीबाबाद, अमृत विचार। घर से मजदूरी के लिए जा रहे दो बाइक सवार युवकों को कैंटर ने ओवरटेक करते समय कुचल डाला। जिसमें बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दूसरा साथी गम्भीर रूप से घायल हो गया। घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे …
बिजनौर/नजीबाबाद, अमृत विचार। घर से मजदूरी के लिए जा रहे दो बाइक सवार युवकों को कैंटर ने ओवरटेक करते समय कुचल डाला। जिसमें बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दूसरा साथी गम्भीर रूप से घायल हो गया। घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।
सुल्तान पुत्र नसीरुद्दीन उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम बिरदु नगली थाना किरतपुर अपने साथी दीपक कुमार पुत्र हरकेश निवासी ग्राम टांडा अफजल थाना ठाकुरद्वारा जिला मुरादाबाद के साथ शनिवार सुबह बाइक से कोटद्वार में मजदूरी पर पेंट करने के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक डबल फाटक फ्लाईओवर से नीचे उतरने लगी तो पीछे से आ रहे कैंटर ने ओवरटेक करते समय बाइक सवार युवकों को कुचल डाला।
जिसमें सुल्तान की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका साथी दीपक कुमार बुरी तरह घायल हो गया। घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समीपुर में भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। सूचना पर चौकी इंचार्ज संदीप मलिक, उप निरीक्षक राजेंद्र कुमार, महेश मलिक सहित पुलिसकर्मी भी पहुंच गए। जिन्होंने वाहनों में तोड़फोड़ की कोशिश करने वाले युवकों को किसी तरह समझा-बुझाकर शांत किया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। साजिद ठेकेदार ने बताया कि घायल युवक ठाकुरद्वारा का नहीं बल्कि किरतपुर थाने के भरेकी गांव का रहने वाला है। जिसने हादसे के बाद घबराहट में मेडिकल के दौरान गलत पता दर्ज करा दिया है। चौकी इंचार्ज संदीप मलिक का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद कैंटर चालक मौके पर ही अपनी गाड़ी छोड़कर भाग गया। कैंटर को पुलिस ने मंडी समिति में भिजवाया।
दूर तक घिसटता गया शव
कैंटर चालक की गति इतनी तेज थी कि हादसे के बाद शव दूर तक घिसटता हुआ चला गया और शव कई हिस्सों में विभाजित हो गया। सड़क में हाथ कहीं और पैर कहीं तो शरीर किसी दूसरी जगह पर बिखरा पड़ा हुआ था। हादसे के बाद मांस के टुकड़े कैंटर पर भी चिपक गए थे।
पिता की मौत पर बच्चों का बुरा हाल
सुल्तान की अचानक मौत की खबर सुनकर परिजनों के पैरों तले की जमीन निकल गई । घर पर पत्नी और बच्चों का रो रो कर बुरा हाल है। बताया जाता है कि सुल्तान मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था। जिसके बाद हादसे का शिकार हो जाने पर परिवार के सामने आर्थिक संकट मंडराने लगा है। सुल्तान के परिवार में अब चार लड़की और दो लड़के हैं।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा: जमीन पर कब्जा करने से मना किया तो दबंगों ने वृद्ध महिला पर डाला तेजाब
