तानाशाही चलाने वाले भाजपा को बता रहे हैं असहिष्णु: एसपी सिंह बघेल
झांसी। उत्तर प्रदेश की वीरांगना नगरी झांसी आये केंद्रीय कानून व न्याय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल ने शनिवार को कांग्रेस पार्टी पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि जिनके पूर्वज तानाशाही की पराकाष्ठा को पार कर चुके हैं वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर असहिष्णुता का आरोप लगा रहे हैं। यहां भाजपा कार्यालय में लोकतंत्र …
झांसी। उत्तर प्रदेश की वीरांगना नगरी झांसी आये केंद्रीय कानून व न्याय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल ने शनिवार को कांग्रेस पार्टी पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि जिनके पूर्वज तानाशाही की पराकाष्ठा को पार कर चुके हैं वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर असहिष्णुता का आरोप लगा रहे हैं। यहां भाजपा कार्यालय में लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान करने पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने सम्मान कार्यक्रम के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि देश में आपातकाल लगाकर तानाशाही का काला अध्याय लिखने वाली पार्टी के लोग जब भाजपा से संविधान को खतरे की बात कहते हैं तो बेहद ताज्जुब होता है।
उन्होंने कहा “आज से ठीक 47 साल पहले कांग्रेस के द्वारा काला अध्याय लिखा गया और आपातकाल लगाया गया जिसमें अटल बिहारी वाजपेई, लालकृष्ण आडवाणी से लेकर चौधरी चरण सिंह तक सभी को जेल भेज दिया गया झांसी से भी 30-35 लोगों को जेल भेजा गया था। उन सभी लोकतंत्र सेनानियों को मैं नमन करता हूं,जिनके त्याग, तपस्या और बलिदान से देश को दोबारा आजादी मिली थी।”
उन्होंने कहा कि आज राहुल गांधी को ईडी ने पूछताछ के लिए क्या बुला लिया जगह-जगह विरोध प्रदर्शन होने लगे। इन स्वतंत्र संस्थाओं के कार्यों में भी आज कांग्रेस बाधक बन रही है। कांग्रेस ने जो आज तक पाप किया है, उसके लिए उसे रोज सुबह उठकर माफी मांगना चाहिए। कांग्रेसियों ने पहले भी लोकतंत्र का विरोध किया था और आज भी कर रहे हैं। स्वतंत्र संस्थाओं को आज भी दबाव में लेने का प्रयास किया जा रहा है। बस अंतर इतना है कि पहले यह लोग हाथ में डंडा लेकर विरोध कर रहे थे और आज उनके हाथ में झंडा है।
महाराष्ट्र में चल रही राजनीतिक उठा पटक पर उन्होंने इसे शिवसेना का अंदरूनी मसला बताया। राजनीति में इतना लिंगरऑन नहीं होता हल निकाला जाता है। शिंदे को भाजपा द्वारा समर्थन दिये जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि व्यक्ति यदि जिताऊ व टिकाऊ हो तो किसी दल का कोई फर्क नहीं पड़ता। ये मसला मुख्यमंत्री और उनके विधायकों के बीच का है।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती द्वारा राष्ट्रपति की भाजपा प्रत्याशी का समर्थन करने की घोषणा का उन्होंने स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने अति पिछड़ी महिला को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाकर दीनदयाल उपाध्याय की अंत्योदय योजना का उदाहरण प्रस्तुत किया गया है।
एक तो महिला ऊपर से अति पिछड़ी, यही भाजपा का लक्ष्य है कि समाज के हर वर्ग को उचित सम्मान।
उन्होंने कहा दुनिया का सबसे पुराना लोकतंत्र होने के बावजूद अमेरिका आज तक किसी महिला को राष्ट्रपति नहीं बना पाया लेकिन भारत ऐसा कर रहा है। इस दौरान उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम,भाजपा जिलाध्यक्ष मुकेश मिश्रा व पूर्व शिक्षा मंत्री रविन्द्र शुक्ल भी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:-विपक्षी दलों को कुचलने की नीति का खामियाजा भाजपा को भुगतना पड़ेगा: भूपेश बघेल
