बिजनौर : चोरी के आरोप में युवक को पहले पेड़ से बांधा, फिर गंजा कर पीटा, चार आरोपी गिरफ्तार
बिजनौर,अमृत विचार। थाना क्षेत्र में रविवार को युवक को तालिबानी सजा देने की घटना सामने आई है। नगर के मुहल्ला बसंतगढ़ में कुछ लोगों ने पकौड़ी चोरी के आरोप में युवक को पेड़ से बांध कर पीटा और उसे गंजा कर दिया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी के निर्देश पर पुलिस ने …
बिजनौर,अमृत विचार। थाना क्षेत्र में रविवार को युवक को तालिबानी सजा देने की घटना सामने आई है। नगर के मुहल्ला बसंतगढ़ में कुछ लोगों ने पकौड़ी चोरी के आरोप में युवक को पेड़ से बांध कर पीटा और उसे गंजा कर दिया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी के निर्देश पर पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है।
स्योहारा थानाध्यक्ष आशीष कुमार तोमर के मुताबिक, मुहल्ला तलाई निवासी शोभित पुत्र प्रीतम सैनी मुहल्ला बसंतगढ़ में प्रकाश उर्फ जगवा की दुकान से पकौड़ी लेने के लिए गया था। यहां पैसों के लेनदेन को लेकर शोभित और दुकानदार के बीच विवाद हो गया। इसके बाद वहां मौजूद चार युवकों ने शोभित को पेड़ से बांध दिया और उसकी पिटाई कर गंजा कर दिया।
किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह के निर्देश पर पुलिस ने वीडियो के जरिए चार यवकों की पहचान की। इस दौरान एसएसआई गंगराम गंगवार की तहरीर पर मुहल्ला बसंतगढ़ निवासी विक्की, प्रकाश उर्फ जगवा, गुड्डू और सौरभ के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। साथ ही पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
पीड़ित पर पूर्व में लग चुके हैं गंभीर आरोप
पीड़ित पर आरोप है कि उसने स्थानीय कामदेव मंदिर का बिजली कनेक्शन काट दिया था। इस बीच अंधेरा होने पर उसने साधुओं के चार मोबाइल चोरी कर लिए थे। इस दौरान पकड़े जाने पर साधुओं ने उसकी जमकर पिटाई की थी, फिर छोड़ दिया था।
ये भी पढ़ें: बिजनौर: प्रेम प्रसंग में युवती को प्रेमी ने उतारा मौत के घाट, जंगल में दबाया शव
