उत्तराखंड को मिले 60 नए अनाज एटीएम, अब दुकान पर बिना लाइन के राशन ले सकेंगे कार्डधारक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के बाहर आपने अक्सर लंबी-लंबी लाइनों में खड़े उपभोक्ताओं को देखा होगा। लेकिन अब उपभोक्ताओं को लाइन में लगने के झंझट से मुक्ति दिलाने की पहल होने जा रही है। विश्व खाद्य कार्यक्रम (विखाका) ने अन्नपूर्ति योजना के तहत उत्तराखंड के लिए 60 अनाज एटीएम मंजूर किए …

देहरादून, अमृत विचार। सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के बाहर आपने अक्सर लंबी-लंबी लाइनों में खड़े उपभोक्ताओं को देखा होगा। लेकिन अब उपभोक्ताओं को लाइन में लगने के झंझट से मुक्ति दिलाने की पहल होने जा रही है। विश्व खाद्य कार्यक्रम (विखाका) ने अन्नपूर्ति योजना के तहत उत्तराखंड के लिए 60 अनाज एटीएम मंजूर किए हैं। बताते चलें कि पहले उत्तराखंड को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में केवल एक ही एटीएम दिया गया था। इन एटीएम के लगने होने से राशन कार्ड धारक बगैर लाइन के अपनी सुविधा के अनुसार कभी भी अपने कोटे का राशन ले सकते हैं।

विश्व खाद्य कार्यक्रम के भारत के डिप्टी कंट्री डायरेक्टर एरिक केनेफिक की ओर से अनाज एटीएम की स्वीकृति पत्र राज्य सरकार को मिल गया है। खाद्य सचिव सचिन कुर्वे ने इसकी पुष्टि की। कुर्वे ने बताया कि सभी जिलों के डीएसओं को अनाज एटीएम लगाने के लिए स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। विखाका ने पायलट प्रोजेक्ट के रूप में मिले एटीएम की स्थापना में दिखाई गंभीरता के लिए राज्य की तारीफ भी की है। पहला एटीएम धर्मपुर में लगाया जा रहा है।

बताते चलें कि यह सिस्टम एटीएम मशीन की तरह होता है। इस पर भी एटीएम मशीन की तरह स्क्रीन होगी। यह मशीन बड़े आकार के भंडार ड्रमों से जुड़ी रहेगी। राशन कार्ड धारक यहां आकर एक तय स्थान पर अपना अंगूठा लगाएगा। अंगूठा स्कैन होते ही स्क्रीन पर कार्ड धारक का पूरा विवरण आ जाएगा। इसके बाद मशीन में अनाज का मूल्य नकद रूप में डाल कर या फिर आनलाइन जमा कराना होगा। फिर मशीन में बने एक छेद पर अपना झोला लगाना होगा। एक तय समय में मशीन कार्ड धारक को उसके लिए तय अनाज दे देगी।

संबंधित समाचार