संभल : खेत पर गए किसान को सांड ने मार डाला
संभल,अमृत विचार। खेत गए वृद्ध किसान को लावारिस पशुओं के झुंड में घूम रहे सांड ने पटक कर मार डाला। निकट के खेत में काम कर रहे गांव के लोगों ने किसी तरह से वृद्ध को सांड के कब्जे से छुड़ाया और तुरंत संभल में निजी डॉक्टर के पास उपचार के लिए ले गये जहां …
संभल,अमृत विचार। खेत गए वृद्ध किसान को लावारिस पशुओं के झुंड में घूम रहे सांड ने पटक कर मार डाला। निकट के खेत में काम कर रहे गांव के लोगों ने किसी तरह से वृद्ध को सांड के कब्जे से छुड़ाया और तुरंत संभल में निजी डॉक्टर के पास उपचार के लिए ले गये जहां डॉक्टर ने वृद्ध को मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि आवारा पशुओं से जान के खतरे की शिकायत संबंधित अधिकारियों से कई बार कर चुके हैं। पर कोई हल नहीं निकला। इससे ग्रामीणों में रोष है।
प्रदेश भर में लावारिस पशु किसान के लिए परेशानी का सबब बने हैं। किसान पहले मांस माफिया से अपने पशुओं को बचाता था। उनके चोरी होने का डर किसान को सताता रहता था।अब लावारिस पशुओं से अपनी फसल को जान जोखिम में डालकर बचाता है। हालांकि प्रदेश के मुख्यमंत्री से भी शिकायत कर चुके हैं। बावजूद इसके कोई कार्रवाई अमल नहीं लाई गई है। आए दिन किसानों को आवारा पशुओं के हमले में जान गवानी पड़ रही है। ऐसा ही एक मामला सोमवार की सुबह साढ़े दस बजे अख्तियारपुर गांव में देखने को मिला।
गांव निवासी 50 वर्षीय महावीर पुत्र लालमल अपने पशुओं के लिए खेत पर चारा लेने गया था। महावीर के खेत के पास लावारिस पशुओं का एक बड़ा झुंड मौजूद था। महावीर अपने खेत से घर के पशुओं के लिए चारा काट रहा था। तभी अचानक एक सांड ने पीछे से महावीर को सींगों पर उठा लिया और कई बार उठा कर जमीन पर पटक दिया। महावीर की चीख सुनी तो बराबर के खेत में काम कर रहे विपिन ने शोर मचाकर खेत पर काम कर रहे अन्य लोगों को बुला लिया और लाठी डंडों से महावीर को छुड़ाया। जब तक महावीर गंभीर घायल हो चुका था।
मौके पर मौजूद ग्रामीण बेहोश महावीर को उपचार के लिए संभल निजी अस्पताल ले गये जहां चिकित्सक ने महावीर को मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को फोन कर घटना से अवगत कराया। इस पर जिलाधिकार मनीष बंसल ने मौके पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी मुन्ना लाल यादव, चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर नीरज और वन विभाग की टीम को हमलावर सांड का पकड़ने के लिए भेजा, पर पूरे दिन की मशक्कत करने बाद भी सांड को नहीं पकड़ पाए। ग्रामीणों में हमलावर सांड की दहशतबनी हुई है।
ये भी पढ़ें : संभल : तीन घरों से साढ़े तीन लाख का माल ले उड़े चोर, पीड़ितों ने थाने में दी तहरीर
