पीलीभीत: देवहा में उतराता मिला फरमान का शव, अनस की तलाश जारी
पीलीभीत, अमृत विचार। एक दिन पहले नहाते वक्त देवहा नदी में डूबे दो किशोरों में से एक का शव दूसरे दिन खुद ही नदी में उतराता मिल गया। इसकी सूचना मिलने पर पहुंचे परिवार वालों का रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। उधर, दूसरे किशोर की तलाश …
पीलीभीत, अमृत विचार। एक दिन पहले नहाते वक्त देवहा नदी में डूबे दो किशोरों में से एक का शव दूसरे दिन खुद ही नदी में उतराता मिल गया। इसकी सूचना मिलने पर पहुंचे परिवार वालों का रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
उधर, दूसरे किशोर की तलाश में गोताखोर और पीएसी की टीम दिन भर जुटी रही। मगर कोई सफलता नहीं मिल सकी।
हादसा मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे का है। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के काशीराम कालोनी ईदगाह के निवासी फरमान पुत्र रुस्मत और अनस पुत्र अफजाल अन्य दोस्तों के साथ देवहा नदी में नहाने गए थे। गहरे पानी में जाने के बाद दोनों डूब गए थे। मौके पर मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे।
इसकी सूचना मिलने के बाद से ही पुलिस प्रशासन दोनों की तलाश करने में जुटा रहा। पीएसी के जवान भी बुला लिए गए, जोकि मोटर वोट से दोनों की तलाश में लगे रहे। मगर, पहले दिन कुछ पता नहीं लग सका था। दूसरे दिन बुधवार सुबह करीब नौ बजे फरमान का शव उतराता हुआ देवहा नदी के ऊपर आ गया। कालोनी के लोगों ने शव देखा तो परिवार वाले भी पहुंच गए। पुलिस ने शव को बाहर निकाला।
उसके बाद काफी देर तक पोस्टमार्टम कराने को लेकर मंथन चलता रहा। उसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक शव मिलने के बाद डूबने वाले दूसरे किशोर अनस की चिंता और बढ़ गई। सीओ सिटी सुनील दत्त, इंस्पेक्टर सुनगढ़ी बलवीर सिंह पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। भीड़ को इकट्ठा होने से रोका जाता रहा। दिन भर चले रेस्क्यू के बाद भी कुछ पता नहीं लग सका है।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: देवहा में उतराता मिला फरमान का शव, अनस की तलाश जारी
