मुरादाबाद: नाला सफाई में लापरवाही पर चार पर गिरी गाज, दो सहायक सफाई नायक पदावनत
मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर में बरसात से पहले नाला सफाई कार्य का निरीक्षण करने निकले नगर आयुक्त घोर लापरवाही पर बिफरे। उन्होंने लापरवाही के दोषी चार कर्मचारियों पर गाज गिराई। दो सहायक सफाई नायकों को रिवर्ट करते हुए उन्हें मूल पद पर सफाई कर्मचारी बना दिया, वहीं दो क्षेत्रीय सफाई निरीक्षकों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी। …
मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर में बरसात से पहले नाला सफाई कार्य का निरीक्षण करने निकले नगर आयुक्त घोर लापरवाही पर बिफरे। उन्होंने लापरवाही के दोषी चार कर्मचारियों पर गाज गिराई। दो सहायक सफाई नायकों को रिवर्ट करते हुए उन्हें मूल पद पर सफाई कर्मचारी बना दिया, वहीं दो क्षेत्रीय सफाई निरीक्षकों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी।
नगर आयुक्त संजय चौहान ने बुधवार को केल्टन की पुलिया वाले नाला का निरीक्षण किया। इसकी सफाई ठीक न होने से नाले में अत्यधिक सिल्ट और अपशिष्ट पदार्थ मिला। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि नाला सफाई नहीं हुआ है, केवल डंडे से घास हटा दिया गया था। इसमें नगर आयुक्त ने सफाई निरीक्षक जोन तीन सुधांशु कश्यप और सहायक सफाई नायक वार्ड तीन व 14 पवन कुमार को दोषी ठहराया।
इसके बाद उन्होंने वीकेएस पब्लिक स्कूल के सामने नाले का निरीक्षण किया। नाले में घास, अपशिष्ट पदार्थ और नाले के बाहर भारी मात्रा में सिल्ट मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई। नागरिकों ने नगर आयुक्त को बताया कि नाले की ठीक से सफाई नहीं हुई है और दस बारह दिन से कोई कूड़ा उठाने भी नहीं आया। इसके लिए जोन सात के सफाई निरीक्षक उमाकांत शर्मा और सहायक सफाई नायक विशाल को लापरवाही का दोषी माना।
नगर आयुक्त ने कार्यों के प्रति लापरवाही बरतने और उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना करने पर दोषी सफाई निरीक्षकों सुधांशु कश्यप और उमाकांत शर्मा को प्रतिकूल प्रविष्टि दी। साथ ही सहायक सफाई नायक को पदावनत ( रिवर्ट) करते हुए मूल पद सफाई कर्मचारी बना दिया।
नगर आयुक्त ने भूमिगत नालों की सफाई में शिथिलता पर अवर अभियंता व सफाई निरीक्षक को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्यशैली में सुधार न होने पर कारवाई की चेतावनी जारी की। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें:- बरेली: पूर्व सैनिकों को दी गई अग्निपथ और स्पर्श योजना की जानकारी
