संभल: ट्रेन में मिले युवती के शव के मामले में दो पर हत्या के शक में रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल/चंदौसी, अमृत विचार। बरेली से अलीगढ़ जा रही पैसेंजर ट्रेन की दिव्यांग बोगी में अलीगढ़ की युवती का शव मिलने के मामले में एक फर्म में काम करने वाली मथरा की महिला समेत दो लोगों के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज किया गया है। बुधवार सुबह चंदौसी स्टेशन पर जीआरपी ने युवती के …

संभल/चंदौसी, अमृत विचार। बरेली से अलीगढ़ जा रही पैसेंजर ट्रेन की दिव्यांग बोगी में अलीगढ़ की युवती का शव मिलने के मामले में एक फर्म में काम करने वाली मथरा की महिला समेत दो लोगों के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज किया गया है। बुधवार सुबह चंदौसी स्टेशन पर जीआरपी ने युवती के गले पर चोट के निशान और नाक से बहते खून को देखते हुए हत्या की आशंका जताई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला दबाकर हत्या करने की बात सामने आई थी।

  • मृतका के भाई ने देर रात थाना जीआरपी में दर्ज कई रिपोर्ट
  • युवती के साथ अनहोनी की आशंका के चलते स्लाइड जांच के लिए भेजी
  •  बरेली में मार्केटिंग कंपनी में नौकरी करती थी युवती

जीआरपी ने युवती की शिनाख्त अलीगढ़ के थाना गांधीनगर के नगला मानसिंह कोल निवासी सपना (23) पुत्री कहर सिंह के रूप में की थी। सपना बरेली में नौकरी करती थी। बुधवार सुबह बरेली से चलकर अलीगढ़ जाने वाली ट्रेन साढ़े सात बजे चंदौसी पहुंची तो महिलाएं दिव्यांग बोगी में चढ़ गईं। बोगी मे अंदर पहले से ही एक युवती लेटी हुई थी। महिलाओं ने उसे जगाने का प्रयास किया तो कोई हलचल नहीं हुई थी। उन्हें अनहोनी की आशंका हुई तो उन्होंने ट्रेन के लोको पायलट ओमप्रकाश घटना के बारे में जानकारी दी।

मौके पर पहुंचे लोको पायलट ने जीआरपी को सूचना दी। जीआरपी ने युवती में कोई हलचल नहीं देखी तो उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया था। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को युवती के पास से आधार कार्ड, मोबाइल व बैग मिला था। देर शाम मृतका के परिजन भी चंदौसी पहुंच गए थे। देर रात 12 बजकर 20 मिनट पर मृतका के भाई हरदेव सिंह ने थाना जीआरपी में रिपोर्ट दर्ज कराई।

उसने पुलिस को बताया कि उसकी बहन सपना बरेली में रहकर मार्केटिंग कंपनी में जॉब करती थी। आरोप है कि 29 जून को बरेली-अलीगढ़ ट्रेन में युवती की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हरदेव सिंह ने शक के आधार एसआर राजपूत और रेखा निवासी राया मथुरा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं मृतका के साथ हत्या करने से पूर्व दुष्कर्म जैसी कोई वारदात न हुई हो, इसके लिए पुलिस ने स्लाइड जांच के लिए भेजी है।

जीआरपी बरेली की लापरवाही आ रही सामने
युवती की हत्या के मामले में जीआरपी बरेली की लापरवाही सामने आ रही है। बरेली से ट्रेन पांच बजे चलती है, जबकि चिकित्सकों के अनुसार, युवती की हत्या तीन से चार बजे के बीच होने की आशंका है। यह भी माना जा रहा है कि युवती की हत्या कहीं और करके शव ट्रेन में लाकर रख दिया गया। ट्रेन काफी समय पहले प्लेटफार्म पर आकर खड़ी हो जाती है। इस दौरान युवती के साथ के लोगों ने ट्रेन की बोगी में वारदात को अंजाम देकर चले गए हो।

बरेली से चन्दौसी तक जीआरपी बरेली का स्क्वायड तैनात रहता है, जोकि काफी समय से नहीं आ रहा है और न ही इस ट्रेन की बरेली स्टेशन पर निगरानी करता है। अगर निगरानी की होती तो वहीं युवती के शव को उतार लिया जाता। इसके अलावा स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर काफी हद तक मामले का पर्दाफाश करने में मदद मिलती। लेकिन अभी तक ऐसा कोई कदम चन्दौसी व बरेली की जीआरपी ने नहीं उठाया है। इसलिए इसमें पूरी तरह से जीआरपी बरेली की लापरवाही सामने आ रही है।

भाजपा नेता जीआरपी से मिले व परिजनों से फोन पर की बात
घटना को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. विशाल चौहान जीआरपी पुलिस से मिले और उस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका आरोप था कि जीआरपी बरेली ने मनमाने तरीके से अपने अनुसार रिपोर्ट दर्ज कराई है। सुबह शव मिलने के बाद शाम को पोस्टमार्टम कराया है और देर रात रिपोर्ट दर्ज की है। थानाध्यक्ष नहीं होने पर हेड कांस्टेबल ने घटना की जानकारी दी और मृतका के परिजनों को मोबाइल नंबर दिया। भाजपा नेता ने परिजनों से बात की और कहा कि आप जीआरपी की कार्रवाई से संतुष्ट है। जब परिजनों ने बताया कि हमारी तहरीर के आधार पर ही रिपोर्ट दर्ज की और जीआरपी चंदौसी ने पूरी मदद की है। तब भाजपा नेता वहां से चले आए।

ये भी पढ़ें:- रामपुर : रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने से हड़कंप

संबंधित समाचार