मुरादाबाद : सपा पार्षद समेत तीन जुआ खेलते गिरफ्तार, चक्कर की मिलक में पुलिस ने की छापेमारी
मुरादाबाद,अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित चक्कर की मिलक में शुक्रवार को छापेमारी के दौरान पुलिस ने नगर निगम के एक सपा पार्षद समेत तीन आरोपियों को जुआ खेलते दबोच लिया। मौके से 1,700 रुपये नगद व ताश के पत्ते बरामद हुए। आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत करते हुए पुलिस …
मुरादाबाद,अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित चक्कर की मिलक में शुक्रवार को छापेमारी के दौरान पुलिस ने नगर निगम के एक सपा पार्षद समेत तीन आरोपियों को जुआ खेलते दबोच लिया। मौके से 1,700 रुपये नगद व ताश के पत्ते बरामद हुए। आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत करते हुए पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। सपा नेता व नगर निगम के पार्षद की गिरफ्तारी से महानगर के सियासी गलियारे में खलबली मची है।
सिविल लाइंस सीओ आशुतोष तिवारी के मुताबिक शुक्रवार शाम कैंप चौकी इंचार्ज विनोद कुमार को सूचना मिली कि चक्कर की मिलक में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। मुखबिर से सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। चौकी प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने वार्ड नंबर 70 के पार्षद व चक्कर की मिलक में मुकर्रमपुर मोहल्ले के रहने वाले सपा पार्षद इदरीस पुत्र हाफिज को गिरफ्तार किया। पार्षद के अलावा रईस पुत्र जरूर व फहीम पुत्र लियाकत को पुलिस ने मौके से दबोचा। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से ताश के 52 पत्ते व 1,700 रुपये नगद बरामद हुआ।
पार्षद की गिरफ्तारी की खबर महानगर में जंगल में आग की तरह फैल गई। सपा से जुड़े कार्यकर्ता सिविल लाइंस थाने पहुंच गए। थाने में घंटों गहमागहमी का माहौल रहा। समर्थक घंटों पार्षद को पुलिस के चंगुल से छुड़ाने की कवायद करते रहे। उधर, पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें : मिशन 2024 : जोनल टीम से बाहर कर दिए गए कद्दावर बसपाई
