बरेली: बारिश के चलते शहर में बिजली गुल, लोगों को दिक्कतों का करना पड़ रहा सामना
बरेली, अमृत विचार। जिले में बिजली सप्लाई का हाल बेहाल है। आलम यह है जरा सी आंधी-पानी में आधे शहर की बिजली घंटों के लिए गायब हो जाती है। बिजली व्यवस्था सुचारु रखने की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों के कंधे पर हैं वे फाॅल्ट के बाद नजर ही नहीं आते। शनिवार दोपहर के बाद अचानक से मौसम …
बरेली, अमृत विचार। जिले में बिजली सप्लाई का हाल बेहाल है। आलम यह है जरा सी आंधी-पानी में आधे शहर की बिजली घंटों के लिए गायब हो जाती है। बिजली व्यवस्था सुचारु रखने की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों के कंधे पर हैं वे फाॅल्ट के बाद नजर ही नहीं आते। शनिवार दोपहर के बाद अचानक से मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवा चलने से शहर के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। वहीं शुक्रवार की रात भी शहर के कई इलाकों में बिजली का संकट रहा।
गर्मी के बीच शनिवार को हुई बारिश से लोगों को राहत मिल गई, लेकिन तेज हवा के साथ पूरे शहर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। फीडर ट्रिप होने, लाइनें टूटने, शटडाउन लिए जाने से बिजली गुल रही। बारिश खत्म होने के बाद काफी जगहों पर आपूर्ति शुरु हो गई, लेकिन कई जगहों पर देर रात तक बिजली नहीं आई। बिजली को लेकर सब स्टेशनों की हेल्पलाइन पर शिकायतें दर्ज कराने का सिलसिला चलता रहा।
हवा और बारिश में फाॅल्ट न हो इसके लिए शहर के लगभग ज्यादातर फीडर बंद कर दिए गए। इसके बावजूद तेज आंधी में फाॅल्टों की झड़ी लग गई। कई जगहों पर लाइनें टूट गईं। शुक्रवार की रात सेटेलाइट इलाके में पूरी रात बिजली गुल होने से उपभोक्ता परेशान रहे। उसके बाद सुबह के समय बिजली नहीं मिलने से पानी के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं शनिवार को हुई बारिश से कुतुबखाना के चौपुला रोड, आजमनगर, बिहारीपुर, पुराना रोडवेज बस अड्डा समेत कई जगहों पर करीब दो घंटे के लिए बिजली गुल रही। इसके अलावा किला उपकेंद्र के बाकरगंज में बिजली के पोल में आग लग जाने से आपूर्ति बाधित हुई। वहीं जसोली, कटघर, स्वालेनगर हुसैन बाग में भी फाॅल्ट होने से बिजली नहीं आई। इसी तरह सुभाषनगर, महानगर और हरुनगला फीडर समेत शाहदाना और पुराने शहर के अलावा कैंट और नकटिया क्षेत्र में भी बिजली का संकट बना रहा।
ये भी पढ़ें- बरेली: परीक्षा नियंत्रक ने संभाला पदभार, कुलपति प्रो. केपी सिंह से की मुलाकात
