संभल: अकबरपुर चित्तौरी में घर के ताले तोड़कर 11 लाख की चोरी
संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। कोतवाली के गांव अकबर पुर चित्तौरी में चोरों ने सूने घर के ताले तोड़ लिए। चोर ताले तोड़कर चार लाख की नगदी समेत करीब 11 लाख का सामान चोरी कर ले गए। परिवार लग्न समारोह में गया हुआ हुआ था। रात में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। …
संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। कोतवाली के गांव अकबर पुर चित्तौरी में चोरों ने सूने घर के ताले तोड़ लिए। चोर ताले तोड़कर चार लाख की नगदी समेत करीब 11 लाख का सामान चोरी कर ले गए। परिवार लग्न समारोह में गया हुआ हुआ था। रात में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। चोरी की वारदात से ग्रामीणों में भय व्याप्त है।
गांव निवासी रामबाबू पुत्र रामजीमल शनिवार की रात दस बजे परिवार के साथ लग्न समारोह में गया हुआ था। रात एक बजे रामबाबू परिवार के साथ घर पर पहुंचा तो मुख्य द्वार के ताले टूटे पडे थे। वह किसी अनहोनी की आशंका से डर गया। वह जब मकान की दूसरी मंजिल पर पहुंचा तो होश के उड़ गए। अलमारी व लाकर का लाक टूटा हुआ था और सारा सामान बिखरा हुआ था। चोर रामबाबू के घर से अलमारी में रखी चार लाख की नगदी, सोने का हार, चार चूड़ी सोने, चार कंगन सोने के चुरा ले गए।
रामबाबू ने बताया कि दो माह बाद उनके साढ़ू के लड़के की शादी है। वह भी सारा जेवर रामबाबू के घर पर रखा हुआ था। इस जेवर की कीमत साढ़े चार लाख रुपये बताई जा रही है। जानकारी होने पर आसपास के लोग आ गए। रामबाबू ने चोरी की जानकारी रात में ही पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। चोरी की वारदात से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। रामबाबू के अनुसार चोरी की तहरीर कोतवाली में दी गई है। जबकि कोतवाली पुलिस घटना से अनभिज्ञता जता रही है। प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि उन्हें अभी तक तहरीर नहीं मिली है और न ही घटना की जानकारी है।
सड़क किनारे है घर और सड़क पार करते ही ट्रेनिंग कालेज का मैदान
अकबर पुर चित्तौरी के रामबाबू के जिस मकान में चोरी हुई है, वह सड़क किनारे है। सड़क पार करते ही रेलवे ट्रेनिंग कालेज का मैदान है। कोई भी वारदात कर छोटी सी दीवार को कूदकर आसानी से रेलवे ट्रेनिंग कालेज में होता रेलवे लाइन की तरफ जा सकता है। फिर चोर जो भी सामान ले गए है वह आसानी से शर्ट व पेंट में छिपाया जा सकता है। कोई बड़ा सामान चोर चोरी करके नहीं ले गए हैं। हो सकता है इसमे किसी परिचित की संलिप्तता हो। क्योंकि यह किसी मिलने वाले को ही मालूम हो सकता है कि परिजन लग्न समारोह में गए है जहां उन्हें काफी देर लग सकती है और उसे यह भी मालूम है कि जेवर व नगदी अलमारी में रखी है। इसीलिए उसने अलमारी के अलावा किसी चीज को हाथ नहीं लगाया है। सीधे अलमारी को जाकर खोला है।
नहीं रुक रही चोरी की वारदातें, खेल गोपाल मंदिर व परचूनी की दुकान के बाद सूने घर में चोरी
कोतवाली क्षेत्र में चोरी की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही है। मंदिर व दुकान में चोरी के बाद चोरों ने सूने घर को निशाना बनाया है। यह वारदातें पुलिस रात्रि गश्त में लापरवाही के कारण हो रही हैं। शहरवासियों में चोरी की वारदातों को लेकर भय का माहौल। तीन दिन पूर्व चोरों ने मोहल्ला गोपाल के खेल गोपाल मंदिर को निशाना बनाया था। यहां मंदिर के ताले तोड़कर चोर दानपात्र उखाड़ ले गए थे। जिसमें हजारों की नगदी थी। इसी रात इस मुहल्ले से सटे मोहल्ला हाथी खाना में किराने की दुकान के गेट का जाल काटकर चोर गल्ला उठा ले गए। जिसमें करीब छह सौ रुपये की नगदी थी। चोरी की लगातार बारदातों से पुलिस की रात की गश्त की लापरवाही सामने आ रही है। अधिकतर सड़कों पर रात के समय पुलिस नहीं दिखाई देती है। जिस कारण चोरों के हौंसले बुलंद है। वहीं चोरी की वारदातों से शहर में भय का माहौल बना हुआ है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: उल्टी का बहाना बनाकर रुकवाई गाड़ी, फरार हो रहे अभियुक्त को पुलिस ने दोबारा दबोचा
