बरेली: दिल्ली-बरेली पैसेंजर में जहरखुरानी गिरोह का शिकार हुए दो यात्री

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। दिल्ली-बरेली पैसेंजर ट्रेन में जहरखुरानी गिरोह ने दो यात्रियों को अपना शिकार बनाया। इससे पहले बीते दिन जम्मूतवी-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस में पान सिंह नामक व्यक्ति को जहर खुरानी गिरोह ने अपना शिकार बनाया था। 24 घंटे के अंदर हुई उक्त घटनाएं रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगाती हैं। जीआरपी अधिकारियों …

बरेली, अमृत विचार। दिल्ली-बरेली पैसेंजर ट्रेन में जहरखुरानी गिरोह ने दो यात्रियों को अपना शिकार बनाया। इससे पहले बीते दिन जम्मूतवी-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस में पान सिंह नामक व्यक्ति को जहर खुरानी गिरोह ने अपना शिकार बनाया था। 24 घंटे के अंदर हुई उक्त घटनाएं रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगाती हैं।

जीआरपी अधिकारियों के मुताबिक दिल्ली के प्रशांत नगर में रहकर कारपेंटर का काम करने वाले आंवला के अतरछेडी गांव निवासी अमीनुद्दीन कादरी पुत्र नन्ने बकरीद पर कुर्बानी का बकरा खरीदने के लिए 04304 दिल्ली-बरेली पैसेंजर में बुधवार रात सवार हुए थे। वहीं इसी ट्रेन में बरेली आंवला गांव वीरपुर गौटिया मूल के अशोक विहार दिल्ली निवासी शंकर लाल पुत्र राम सहाय एक शादी समारोह में शामिल होने बरेली आ रहे थे, लेकिन गढ़मुक्तेश्वर और हापुड़ स्टेशन के बीच करीब तीन बदमाशों ने दोनों से दोस्ती करके चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया।

दोनों के साथ हुई घटना का पता उस वक्त चला जब गुरुवार तड़के मुरादाबाद स्टेशन से ट्रेन निकलने के बाद बरेली जंक्शन जीआरपी के स्क्वायड ने दोनों को बदहवासी की हालत में देखा। पूरे मामले की जानकारी कंट्रोल रूम को दी गई। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे ट्रेन बरेली जंक्शन पर पहुंची तो दोनों को उतारकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। होश में आने पर अमीनुद्दीन ने जीआरपी को बताया कि कुर्बानी के लिए रखे उसके करीब 17 हजार रुपये और स्मार्ट फोन जहरखुरानी गिरोह ने चुरा लिए।

वहीं दूसरे पीड़ित शंकर लाल को होश नहीं आया था। दोनों के परिजनों को जीआरपी द्वारा सूचना दी गई तो वो भी मौके पर पहुंच गए। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ध्रुव कुमार ने बताया की अभी पीड़ित ने जो बयान दिया है उसके मुताबिक गढ़मुक्तेश्वर और हापुड़ स्टेशन के बीच की घटना है। पूरे मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। दूसरे पीड़ित के होश में आने का इंतजार कर रहे हैं, जिसके बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

यह भी पढ़ें- बरेली: सर्वर ठप होने से अंत्योदय राशन कार्ड वालों के नहीं बने आयुष्मान कार्ड

संबंधित समाचार