उत्तराखंड: गंगोत्री हाईवे पर जलभराव, पिथौरागढ़ में सड़कें- पुल ध्वस्त, हल्द्वानी में सड़कें जलमग्न … देखें VIDEO

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। उत्तराखंड में शनिवार सुबह से कई जिलों में भारी बारिश जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने पौड़ी और नैनीताल में सबसे ज्यादा भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं बारिश से जगह-जगह जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। गंगोत्री नेशनल हाईवे पर जहां जगह-जगह जलभराव हो गया है। सूपी में मोटर मार्ग ध्वस्त …

देहरादून, अमृत विचार। उत्तराखंड में शनिवार सुबह से कई जिलों में भारी बारिश जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने पौड़ी और नैनीताल में सबसे ज्यादा भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं बारिश से जगह-जगह जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। गंगोत्री नेशनल हाईवे पर जहां जगह-जगह जलभराव हो गया है। सूपी में मोटर मार्ग ध्वस्त हो गया है। जबकि कई दुकानों में मलबा घुस गया है।

देखें वीडियो: भारी बारिश के दौरान हल्द्वानी में नवाबी रोड को जाने वाली नहर और सड़क हो गई लबालब

हल्द्वानी में नैनीताल रोड पर कॉलटैक्स के पास मुख्य सड़क धंस गई। वहीं कालाढूंगी रोड पर जलभराव होने से वाहन फंस गए। अमूमन हल्द्वानी की हर मुख्य सड़क में जलभराव से राहगीरों को परेशानी हुई। सीवर और गैस लाइन की खुदाई के चलते कई जगह वाहन सड़क पर धंस गए। वहीं, पिथौरागढ़ में कई सड़कें और पुल धवस्त हो गए हैं।

देखें वीडियो: जलभराव से हल्द्वानी की सड़कें हो गईं जलमग्न

बागेश्वर में बारिश से मुनार में पुलिया के साथ ही कई सड़कें भी ध्वस्त हो गई है। शुक्रवार की रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश से थल मुनस्यारी मोटर मार्ग में द्वालीगाड पुल ध्वस्त हो गया। इसके चलते यहां वाहनों का संचालन भी ठप हो गया है। लोग जान जोखिम में डालकर पैदल आवाजाही कर रहे हैं। मलबा आने से पिथौरागढ़ – धारचूला नेशनल हाईवे लखनपुर के पास बंद है। सुबह से ही यहां वाहन फंसे हैं।

बद्रीनाथ हाईवे डांगबैड में मलबा आने से बंद हो गया है। टिहरी में भारी बारिश जारी है। जबकि हल्द्वानी में कालादूगी रोड जलमग्न है। मौसम विज्ञान ने आज पौड़ी और नैनीताल में भारी बारिश की संभावना बताई है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने पहली बार रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, चंपावत, बागेश्वर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ में भी बहुत अधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

देहरादून में सुबह से भारी बारिश जारी है।मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि 24 घंटे में नैनीताल और पौड़ी में भारी से भारी बारिश को देखते हुए नदियों, नालों के किनारे बसे लोगों के साथ ही भूस्खलन संभावित इलाकों में सावधान रहने की जरूरत है। बताया कि इस बाबत राज्य सरकार व आपदा प्रबंधन विभाग को रिपोर्ट भेजी जा चुकी है। विक्रम सिंह के मुताबिक, देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, चंपावत, बागेश्वर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ में भारी से बहुत अधिक भारी बारिश की संभावना है।

उधर, राजधानी और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए डीएम डॉ. आर राजेश कुमार ने आपदा प्रबंधन से जुड़े अफसरों को अलर्ट रहने के आदेश दिए हैं। डीएम ने आपदा प्रबंधन से जुडे़ अफसरों संग बैठक कर अलर्ट रहने निर्देश भी जारी किए हैं।

संबंधित समाचार