मुरादाबाद : फर्जी टेलीफोन एक्सचेंज का भंडाफोड़, कुंदरकी के दो भाई गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। इंटरनेशल कॉल को लोकल कॉल में कनवर्ट करते हुए टेलीकॉम कंपनियों को लाखों रुपये का चूना लगाने के आरोपी दो सगे भाई रविवार को मझोला पुलिस के हत्थे चढ़ गए। दोनों के कब्जे से 63 हजार रुपये, फर्जी सिम, लैपटॉप व टेलीफोन एक्सचेंज चलाने में प्रयुक्त होने वाले सामान बरामद हुए। दोनों आरोपियों …

मुरादाबाद,अमृत विचार। इंटरनेशल कॉल को लोकल कॉल में कनवर्ट करते हुए टेलीकॉम कंपनियों को लाखों रुपये का चूना लगाने के आरोपी दो सगे भाई रविवार को मझोला पुलिस के हत्थे चढ़ गए। दोनों के कब्जे से 63 हजार रुपये, फर्जी सिम, लैपटॉप व टेलीफोन एक्सचेंज चलाने में प्रयुक्त होने वाले सामान बरामद हुए। दोनों आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत करने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। वहां से दोनों आरोपी जेल भेज दिए गए।

एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि एसओजी व मझोला पुलिस ने रविवार को संयुक्त रूप से एक फर्जी टेलीफोन एक्सचेंज का भंडाफोड़ किया। पूर्व में मुखबिर से मिली सूचना को आधार बनाते हुए पुलिस ने मझोला थाना क्षेत्र के नई बस्ती आजाद नगर में एक मकान पर छापेमारी की। मौके पर मिले दो युवकों की पहचान मोहम्मद कदीम व मोहम्मद मेहराज पुत्र मोहम्मद रहीस निवासी ग्राम डोमघर थाना कुन्दरकी के रूप में हुई। दोनों आरोपी सिम बॉक्स सर्वर के माध्यम से इंटरनेशनल कॉल को लोकल कॉल में परिवर्तित कर रहे थे।

उनके कब्जे से सात सिम बाक्स, गेटवे, दो लैपटाप, एक इन्वर्टर, एक बेट्रा, दो वाईफाई, एडाप्टर, पांच पावर केबिल, आठ नेटवर्किंग केबल, 45 सिप्रल एंटिना, जेटकिंग कोर्स वेयर प्रोसस की किताब, डायरी, तीन मोबाइल फोन, एक पासपोर्ट आईडी, दो पैनकार्ड, दो आधार कार्ड, एक ड्राईविंग लाईसेन्स, नौ एटीएम कार्ड, 557 सिम व 63 हजार रुपये बरामद हुए। आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी व ठगी के आरोप में आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

सउदी अरब में सीखा फर्जी टेलीफोन एक्सचेंज चलाने का गुर
पूछताछ में कदीम ने बताया कि मार्च 2022 में वह सऊदी अरब गया। वहां एक अंजान व्यक्ति से मुलाकात हुई। उसने कदीम को फर्जी टेलीफोन एक्सचेन्ज लगाकर मोटी कमाई का लालच दिया। बताया कि तकनीकी का इस्तेमाल करते हुए वह इंटरनेशनल टेलीफोन काल को लोकल कॉल में कनवर्ट करके मोटी रकम कमा सकता है। अज्ञात व्यक्ति ने कदीम को एक्सचेंज स्थापित करने का तरीका भी बताया। फिर कदीम ने पूरा प्लान अपने भाई मोहम्मद मेहराज से साझा किया। सामान की खरीदारी के लिए कदीम ने सउदी में साथ काम करने वाले कादिर के भांजे जोहरा उर्फ सरफराज निवासी काशीपुर से संपर्क किया। एक्सचेन्ज स्थापित करने के लिए जरूरी सामान की खरीद की गई। सिम कार्डों की व्यवस्था में राहुल जैन निवासी राजस्थान ने मदद की। फिर सगे भाइयों ने मझोला थाना क्षेत्र स्थित नई बस्ती आजाद नगर में एक मकान किराये पर लेकर फर्जी टेलीफोन एक्सचेन्ज का संचालन शुरू कर दिया। फर्जी टेलीफोन एक्सचेन्ज को मोहम्मद मेहराज ने असेम्बल करके चालू किया था। मेहराज को हार्डवेयर व साफ्टवेयर की अच्छी जानकारी है। बगैर लाइसेंस संचालित अवैध टेलीफोन एक्सचेंज का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। शेष तीन अभियुक्तों की तलाश शुरू कर दी गई है।

चार माह से चल रहा था खेल
महानगर में बीते चार माह से फर्जी टेलीफोन एक्सचेंज का संचालन हो रहा था। सगे भाइयों ने बताया कि उनके खाते में सउदी अरब में बैठा व्यक्ति हर माह रुपये भेजता था। दोनों युवकों के खाते में बीते चार माह से प्रति महीने 20-20 हजार रुपये आते थे। इंटरनेट व मकान के किराए की रकम दोनों को अलग से मुहैया कराई जाती थी। दोनों ने बताया कि वह एसी व बाइक मैकेनिक का काम करते थे। मुहम्मद मेहराज बीए पास है। जबकि मुहम्मद कदीम इंटर फेल है। कदीम बाइक मैकेनिक का काम करता था। वीओआइपी काल को सिम बाक्स के माध्यम से जीएसएम काल में परिवर्तित करके वह अपने ग्राहकों की बात कराते थे।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : चुनावी रंजिश में ग्राम प्रधान ने चाचा-भतीजे को मारी गोली, हालत गंभीर

संबंधित समाचार