हल्द्वानी: भैंस ने अधेड़ को मारा, सांप ने किशोरी को डसा, कुल चार की मौत
हल्द्वानी, अमृत विचार। जंगल में मवेशी चराने गए एक अधेड़ पर भैंस ने हमला कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि एक किशोरी की जान सांप के डसने से चली गई। इसके अलावा अलग-अलग सड़क हादसों में घायल हुए दो लोगों की उपचार के दौरान जान चली गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद …
हल्द्वानी, अमृत विचार। जंगल में मवेशी चराने गए एक अधेड़ पर भैंस ने हमला कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि एक किशोरी की जान सांप के डसने से चली गई। इसके अलावा अलग-अलग सड़क हादसों में घायल हुए दो लोगों की उपचार के दौरान जान चली गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद चारों शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
केस वन
कमोला कालाढूंगी निवासी जगत सिंह (52) पुत्र विजय सिंह घर से मवेशी चराने के लिए निकले थे। बताया जाता है कि इस दौरान उन पर एक भैंस ने हमला कर दिया। जिससे वो बुरी तरह घायल हो गए। शोर सुन कर दौड़े इलाकाई लोगों ने जगत को बचाकर गंभीर हालत में उन्हें एसटीएच पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
केस टू
चोरगलिया निवासी टीना (16) पुत्री नरसिंह बर्गली मंगलवार सुबह नहर से पानी भर रही थी। इस बीच उसे सांप ने डस लिया। गंभीर अवस्था में उसे एसटीएच लाया गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने से पहले ही टीना ने दम तोड़ दिया था। सूचना पर पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
केस थ्री
पिथौरागढ़ निवासी रोहित डोभाल (29) पुत्र गोपाल सिंह बीते सोमवार को कार में सवार होकर हल्द्वानी आ रहा था। बताया जाता है कि नानकमत्ता में अज्ञात वाहन ने कार में जोरदार टक्कर मार दी और इस हादसे में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए एसटीएच लाया गया। जहां उपचार के दौरान रोहित ने दम तोड़ दिया।
केस फोर
बताया जाता है कि हरिपुर नायक निवासी शेर सिंह (22) पुत्र बिशन सिंह बाइक पर सवार होकर बाजार के लिए निकला था। बताया जाता है कि बाजार से लौटते वक्त शेर सिंह की बाइक में किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में शेर सिंह बुरी तरह घायल हो गया। उपचार के दौरान मंलवार को शेर सिंह ने एसटीएच में दम तोड़ दिया।
