बरेली: चलन से गायब होते जा रहे दो हजार रुपये के नोट
बरेली, अमृत विचार। नोटबंदी के बाद से नैनो चिप लगे होने की बात से चर्चा में आए 2000 रुपये के नोट चलन से गायब होते जा रहे हैं। विशेषज्ञ इसके पीछे दो मुख्य कारण बता रहे हैं। इनमें एक इसकी जमाखोरी तो दूसरा आरबीआई द्वारा छपाई बंद कर इनकी जगह 500 और 200 रुपये के …
बरेली, अमृत विचार। नोटबंदी के बाद से नैनो चिप लगे होने की बात से चर्चा में आए 2000 रुपये के नोट चलन से गायब होते जा रहे हैं। विशेषज्ञ इसके पीछे दो मुख्य कारण बता रहे हैं। इनमें एक इसकी जमाखोरी तो दूसरा आरबीआई द्वारा छपाई बंद कर इनकी जगह 500 और 200 रुपये के नोटों की सप्लाई बढ़ा देना है। वजह जो भी हो पर बाजार में 2000 रुपये का नोट गायब होने से व्यापारियों की दिक्कतें बढ़ने लगी हैं। व्यापारी फुटकर रुपये की जगह बैंक से 2000 के नोट लेने के लिए चक्कर काट रहे हैं।
जिले में राष्ट्रीकृत, अर्द्धसरकारी व निजी सेक्टर की बैंकों की संख्या 30 है। इनमें अधिकांश बैंकों में 500, 200 व 100 के नोट ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार आरबीआई से दो हजार की नोट आने की उम्मीद भी नजर नहीं आ रही है। क्योंकि पांच महीने से चेस्ट में एक बार भी दो हजार के नोट के बंडल नहीं आए हैं।
आरबीआई से दो हजार के नोट नहीं आने से बड़ा भुगतान लेने वाले खाताधारकों को भी 500 व 100 रुपये के ही नोट दिए जा रहे हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक्स यूनियन के कनवीनर दिनेश सक्सेना ने बताया कि खाताधारक की ओर से 2000 का नोट जमा भी नहीं किया जा रहा है। दो हजार के नोट का संकट हर जगह है।
बरेली ट्रेड यूनियन फेडरेशन के महामंत्री संजीव मलहोत्रा का कहना है कि बड़े व्यापारियों की ओर से 2000 का नोट संग्रहित किए जा रहे हैं। आरबीआई की ओर से भी 2000 के नोटों की छपाई नहीं हो रही है। जनपद में एक साल में लगभग 456.9 करोड़ के डिपाजिट में सिर्फ छह प्रतिशत नोट ही 2000 के मिले। जिनको लगातार प्रयोग में लाया जा रहा है।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के चीफ मैनेजर उमेश चंद्रा ने बताया कि 2000 का नोट संकट बरकरार है। हालांकि, स्टेट बैंक की ओर से लगातार ग्राहकों को उपलब्धता बनाई जा रही है।
50 प्रतिशत से अधिक एटीएम में नहीं हैं 2000 के नोट का स्लॉट
नाम न बताने की शर्त पर बैंक अधिकारी ने बताया कि सभी शाखाओं के 50 प्रतिशत एटीएम में 2000 के नोट का स्लॉट को हटाकर उसमें 500-500 रुपये का स्लॉट लगाया गया है। चेस्ट में भी लगातार ग्राहकों को 2000 के नोट उपलब्ध कराने से कमी आने लगी है। इस कारण से एटीएम से भी अधिकतर 500 के नोटों की ही निकासी हो रही है।
बैंक से दो हजार के नोट ग्राहकों के पास पहुंचे। यह नोट बड़े पैमाने पर डंप किए जाने की आशंका है। देश स्तर पर इस संबंध में गहन चर्चा की जा रही है। उम्मीद है आरबीआई की ओर से इस संबंध में जल्द ही कोई निर्णय लिया जाएगा—एमएम प्रसाद, एलडीएम।
यह भी पढ़ें- बरेली: कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम के दिए निर्देश
