हल्द्वानी: फुटबॉल के प्रति गजब का जुनून, काठगोदाम के युवा खिलाड़ी अभय का दून स्पोर्ट्स कॉलेज में चयन
हल्द्वानी, अमृत विचार। हार हो जाती है जब मान लिया जाता है…जीत तब होती है जब ठान लिया जाता है… जी हां, कुछ इसी जुनून के दम पर काठगोदाम गौला बैराज निवासी अभय भंडारी ने देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज प्रवेश पा लिया है। अंडर-16 ग्रुप में अभय का चयन होने की खबर मिलते …
हल्द्वानी, अमृत विचार। हार हो जाती है जब मान लिया जाता है…जीत तब होती है जब ठान लिया जाता है… जी हां, कुछ इसी जुनून के दम पर काठगोदाम गौला बैराज निवासी अभय भंडारी ने देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज प्रवेश पा लिया है। अंडर-16 ग्रुप में अभय का चयन होने की खबर मिलते ही उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। अभय के चयन पर उनके पिता वरिष्ठ पत्रकार दीपक भंडारी और मां पुष्पा भंडारी की खुशी का ठिकाना नहीं है। वहीं, गुरुतेग बहादुर स्कूल के प्रधानाचार्य विजय जोशी ने भी अभय के उज्जवल भविष्य की कामना के साथ शुभकामनाएं दी हैं।

मूलरूप से बग्वालीपोखर के भंडरगांव के निवासी दीपक भंडारी ने बताया कि बचपन से ही अभय के भीतर फुटबॉल के प्रति गजब का जुनून था। पढ़ाई के बाद जब भी समय मिलता, अभय काठगोदाम नगर निगम के मैदान में खूब प्रैक्टिस करता। चाहे बारिश हो या ठंड का मौसम, अभय ने प्रैक्टिस कभी नहीं छोड़ी। अमृत विचार से खास बातचीत में अभय ने बताया कि माता-पिता ने हमेशा पढ़ाई के साथ-साथ खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उनका सपना फुटबॉल के माध्यम से उत्तराखंड और देश का नाम रोशन करना है। अब देहरादून स्थित स्पोर्ट्स कॉलेज में चयन हुआ है तो वह कोच और सीनियर के मार्गदर्शन में फुटबॉल से जुड़ी कई और बारिकियां सीखकर अपने खेल को निखारेंगे।
बताते चलें कि स्पोर्ट्स स्टेडियम हल्द्वानी और रुद्रपुर में ट्रायल की परीक्षा पास करने के बाद बुधवार को देहरादून स्थित आवासीय फुटबॉल बालक क्रीडा छात्रावास में अभय के चयन का पत्र मिला। संयुक्त निदेशक (खेल) एसके साकी की ओर से जारी पत्र में जिला क्रीडाधिकारी देहरादून को अवगत कराने और जल्द से जल्द प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा गया है।
