नानकमत्ता: बैंक के बकायेदार को गिरफ्तार करने पर किया हमला
नानकमत्ता, अमृत विचार। राजस्व विभाग की टीम पर लाठी डंडों से हमला कर बैंक के 22 लाख के बकायेदार को छुड़ाकर ले गये। राजस्व कर्मियों और सुरक्षा गार्डों ने भागकर अपनी जान बचाई। नायब तहसीलदार ने इस मामले में एक नामजद समेत चार के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। …
नानकमत्ता, अमृत विचार। राजस्व विभाग की टीम पर लाठी डंडों से हमला कर बैंक के 22 लाख के बकायेदार को छुड़ाकर ले गये। राजस्व कर्मियों और सुरक्षा गार्डों ने भागकर अपनी जान बचाई। नायब तहसीलदार ने इस मामले में एक नामजद समेत चार के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
उप तहसील नानकमत्ता के नायब तहसीलदार राजेंद्र सनवाल ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 13 जुलाई को समीक्षा बैठक में बड़े बकायेदारों पर कार्यवाई के निर्देश दिए गये थे। बकायेदारों को गिरफ्तार करने के लिए सितारगंज तहसीलदार और नायब तहसीलदार के नेतृत्व में संग्रह अमीन अशोक छाबड़ा, मदन लाल शर्मा, विपिन चंद्र, संग्रह अनुसेवक गिरीश चंद्र व दो अन्य सुरक्षा गार्डों के साथ बुधवार को 22 लाख 27 हजार 515 के बकायेदार दर्शन सिंह पुत्र जीवन सिंह निवासी ग्राम विडोरा को टीम गिरफ्तार कर बंदी गृह में ले जा रहे थे।
आरोप है कि दर्शन सिंह के पुत्र महेंद्र सिंह ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ एकत्र होकर टीम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले के दौरान राजस्व टीम ने भागकर अपनी जान बचाई। आरोपी बैंक के बकायेदार दर्शन सिंह को छुड़ाकर ले गए। नायब तहसीलदार राजेंद्र सनवाल ने बताया कि टीम कलेक्शन मैनुअल के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई करने के लिए गई थी। जिस पर हमला किया गया है। पुलिस ने नायब तहसीलदार की तहरीर पर महेंद्र सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी ग्राम बिडोरा समेत तीन अन्य के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
