अमरोहा: अवैध खनन की शिकायत मिली तो मौके पर पहुंचीं केंद्रीय राज्य मंत्री,अधिकारियों को दिए निर्देश
अमरोहा, अमृत विचार। केंद्रीय राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी ने तहसील नौगांवा के गांव पीपली घोषी में अवैध खनन की शिकायत मिलने पर मौके पर निरीक्षण किया। जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे भी साथ रहे। केंद्रीय राज्य मंत्री ने जिला खनन अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि कहीं पर भी जिले में अवैध …
अमरोहा, अमृत विचार। केंद्रीय राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी ने तहसील नौगांवा के गांव पीपली घोषी में अवैध खनन की शिकायत मिलने पर मौके पर निरीक्षण किया। जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे भी साथ रहे। केंद्रीय राज्य मंत्री ने जिला खनन अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि कहीं पर भी जिले में अवैध खनन होने की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।
अभियान चलाकर इस पर पूरी तरह से रोक लगाई जानी चाहिए और ऐसे किसान खनन माफिया जो अवैध खनन कार्य में संलिप्त हैं, उन पर कठोर कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी बाल कृष्ण त्रिपाठी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला खनन अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले में कहीं पर भी अवैध खनन की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उप जिला अधिकारी और खनन अधिकारी निरंतर भ्रमण करते रहे और कोई अवैध खनन करते पाया जाता है तो प्रमुखता के साथ कार्रवाई करें।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी नौगांवा को निर्देशित करते हुए कहा कि पीपली घोषी क्षेत्र के लेखपाल पर कार्रवाई की जाए। इसी प्रकार क्षेत्रीय पुलिस चौकी प्रभारी पुलिस की भी संलिप्तता हो सकती है तो कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि बिना क्षेत्रीय लेखपाल व पुलिस की मिलीभगत के बिना अवैध खनन नहीं हो रहा है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि अवैध खनन संबंधी कोई भी जिले में शिकायत है, तो जिला खनन अधिकारी के मोबाइल नंबर 8887534783 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। जिसका त्वरित निस्तारण किया जाएगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक उपजिलाअधिकारी,जिला खनन अधिकारी, विधायक राजीव तरारा सहित अन्य संबंधित अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचे
केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचनी चाहिए। 2024 का चुनाव नजदीक है। इसलिए कार्यकर्ता अभी से ही पूरी मेहनत के साथ जुट जाएं। कार्यकर्ताओं की बदौलत ही चुनाव को जीता जाएगा। सबसे पहले उन सीटों पर नजर है, जहां पर पिछले चुनाव में पार्टी उम्मीदवार चुनाव हार गए थे। सरकार हर वर्ग का विकास कर रही है और बिना किसी भेदभाव के किया जा रहा है। इस मौके पर जिला अध्यक्ष डा. ऋषिपाल सिंह नागर, विधायक राजीव तरारा, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष शुभम चौधरी, महामंत्री सतीश अग्रवाल, मीडिया प्रभारी रमेश कलाल आदि मौजूद रहे।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने किया ग्राम सचिवालय का लोकार्पण
गजरौला। जनपद भ्रमण के दो दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन केन्द्रीय राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी ने विकास खंड के गांव सलेमपुर गौसाईं में ग्राम सचिवालय के कार्यालय का लोकार्पण किया। तो वहीं बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए तैयार किए गए अमृत सरोवर परिसर में पौधे भी रौपे। उन्होंने ग्रामीणों को भाजपा की केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
शुक्रवार को विदेश एवं संस्कृति केंद्रीय राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी गजरौला ब्लाक के गांव सलेमपुर गोसाईं पहुंचीं। यहां उन्होंने अमृत सरोवर में पौधरोपण किया। गांव में स्थित बाबा डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके साथ ही गांव में बनाए गए सचिवालय का लोकार्पण किया। इस दौरान एमएलसी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यपाल सैनी, विधायक राजीव तरारा, एसडीएम अरुण कुमार, ब्लाक प्रमुख मीनाक्षी चौधरी एवं उनके पति भाजपा के जिला उपाध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र सिंह, लोस प्रभारी बसंत त्यागी, युद्धवीर सिंह, राजीव चौहान, महेंद्र प्रजापति, महेश प्रधन, उत्तम सिंह प्रजापति, भरत सिंह, सुशील सिद्धू आदि भी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: एक लाख रुपये न देने पर पत्रकार के फोटो वायरल, केस दर्ज
