मुरादाबाद : फर्नीचर कारोबारी का घर टूटने के बाद सियासी जंग
मुरादाबाद,अमृत विचार। बिलारी में तालाब से अतिक्रमण हटाने और फर्नीचर कारोबारी के आरोपों की जांच शुरू हो गई। शुक्रवार को जांच अधिकारी (अपर जिलाधिकारी प्रशासन) सुरेंद्र सिंह बिलारी पहुंचकर मौका मुआयना किया। हल्का लेखपाल व तहसीलदार से विवादित भूमि की नवय्यैत जानी और शनिवार की शाम तक लेखपाल से विस्तृत रिपोर्ट तलब की। चर्चा है …
मुरादाबाद,अमृत विचार। बिलारी में तालाब से अतिक्रमण हटाने और फर्नीचर कारोबारी के आरोपों की जांच शुरू हो गई। शुक्रवार को जांच अधिकारी (अपर जिलाधिकारी प्रशासन) सुरेंद्र सिंह बिलारी पहुंचकर मौका मुआयना किया। हल्का लेखपाल व तहसीलदार से विवादित भूमि की नवय्यैत जानी और शनिवार की शाम तक लेखपाल से विस्तृत रिपोर्ट तलब की। चर्चा है कि यह मामला कई गठजोड़ों का खुलासा करेगा।
स्टेशन रोड के फर्नीचर कारोबारी जाहिद अहमद की शिकायत के बाद यह मामला चर्चा में आया है। उप जिलाधिकारी ने कारोबारी के रिहायशी क्षेत्र के नजदीक की भूमि अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की थी। उसके बाद से मामला सुर्खियों में आया है। कारोबारी जाहिद अहमद ने प्रशासन की कार्रवाई को प्रतिशोध में
उठाया गया कदम ठहराया है। मामले में आयुक्त ने जिलाधिकारी को जांच के निर्देश दिए हैं।
हल्का लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर हटाया गया अवैध निर्माण
कारोबारी ने मामले में उप जिलाधिकारी पर आर्थिक कदाचार का आरोप लगा सनसनी फैला दी है, जबकि एसडीएम घनश्याम वर्मा आरोपों को सिरे से खारिज करते हैं। एसडीएम का कहना है कि स्टेशन रोड परिक्रमा को लेकर लोगों द्वारा शिकायतें दर्ज कराई गईं थीं। समाधान दिवस में मामला सामने आया तो हल्का लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर अवैध निर्माण हटाया गया। उसके बाद से प्रकरण का बवंडर खड़ा करा कर कुछ लोग अपना हित साधना चाहते हैं, लेकिन इससे कार्रवाई नहीं रुकेगी।
सफेदपोश प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए खड़ा किए बवंडर
सूत्रों का कहना है कि मामले को लेकर बिलारी में पर्दे के पीछे से खेल शुरू है। कुछ सफेदपोश प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए यह बवंडर खड़ा किए हैं। कारोबारी के कब्जे को जायज ठहराने के लिए क्षेत्र के कुछ लोग बेवजह मामले को दूसरी दिशा में मोड़ना चाहते हैं। चर्चा है कि प्रशासन की जांच के बाद मामले का स्याह सच सामने आ जाएगा।
यह है आरोप की पटकथा
बिलारी स्टेशन रोड निवासी जाहिद अहमद ने मंडलायुक्त शिकायत की है कि उप जिलाधिकारी घनश्याम वर्मा ने रुपये के तकादा की नाराजगी में उनके घर की दीवार पर बुलडोजर चलवा दिया। उप जिलाधिकारी ने 2, 68, 000 रुपये का फर्नीचर हरदोई में तैनात डिप्टी जेलर बेटी को भेजवाया था। जब फर्नीचर का पैसा मांगा गया तो उन्होंने नायब तहसीलदार अरुण कुमार अग्रवाल अगुवाई में जेसीबी से उनके शोरूम की दीवार तोड़वा दी।
आरोप लगाने वाले ने तालाब की 700 मीटर भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान बना लिया है। वहां 100 वर्ग मीटर के तालाब का अता-पता नहीं है। जिसकी सच्चाई जानने के लिए मैं बीते दिनों मौके पर गया था। अब कार्रवाई के बाद दबाव बनाने के लिए यह तरह के प्रकरण उछाले गए हैं। जांच में बात साफ हो जाएगी। जांच के बाद प्रकरण की पर्दे से हवा देने वाले सभी सामने हो जाएंगे। -घनश्याम वर्मा, उप जिलाधिकारी (बिलारी)
प्रकरण की जांच के लिए बिलारी गया था। वहां का मौका देखा और आसपास के लोगों से बात की है। लेखपाल से नक्शा देखकर तालाब की स्थिति और अन्य तरह के निर्माण का विवरण समझा गया है। शनिवार की शाम तक प्रकरण की रिपोर्ट तैयार हो जाएगी। लेखपाल और तहसीलदार से रिपोर्ट मांगी गयी है। -सुरेंद्र सिंह, जांच अधिकारी (एडीएम प्रशासन)
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: बिजली विभाग में तैनात एसडीओ व कथित पत्रकार में ठनी, लगाया एक लाख की रंगदारी मांगने का आरोप
