मुरादाबाद : सिरफिरे आशिक ने बयां की तीन साला प्यार के अंत की दर्दनाक कहानी
छजलैट (मुरादाबाद),अमृत विचार। लोक लाज व मर्यादा की दीवार तोड़ विधवा महिला को हमसफर चुनने वाला युवक आखिरकार वह पलभर में हैवान क्यों बन गया? वह कौन सा कारण रहा, जिसने युवक को अपने ही तीन साल के प्यार का दर्दनाक अंत करने पर मजबूर कर दिया। पत्नी की हत्या के बाद फरार होने की …
छजलैट (मुरादाबाद),अमृत विचार। लोक लाज व मर्यादा की दीवार तोड़ विधवा महिला को हमसफर चुनने वाला युवक आखिरकार वह पलभर में हैवान क्यों बन गया? वह कौन सा कारण रहा, जिसने युवक को अपने ही तीन साल के प्यार का दर्दनाक अंत करने पर मजबूर कर दिया। पत्नी की हत्या के बाद फरार होने की बजाय कातिल ने पुलिस से मोबाइल फोन पर बातचीत में अपनी ही करतूतों की पोल पल भर में क्यों खोल दी। वारदात बाद पश्चाताप की आग में जल रहा युवक अचानक गुनाह के दलदल में क्यों फंस गया। इन सवालों का जवाब तलाशने के बाद छजलैट पुलिस भी नीलू हत्याकांड को गैर इरादतन मानने पर मजबूर हो गई।
प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने माना कि कातिल अपनी पत्नी को जान से मारना नहीं चाहता था। गृह कलह में तीखे बोल ही महिला के मौत की सबब बन गई। नीलू हत्याकांड शुक्रवार देर रात उजागर होते ही पुलिस के होश फाख्ता हो गए। हरिद्वारा हाईवे के किनारे हत्या जैसी जघन्य घटना ने छजलैट पुलिस को झकझोर कर रख दिया। हत्याकांड को लेकर उधेड़बुन की शिकार पुलिस राहत की सांस भी नहीं ले सकी थी, तभी उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से काल आई। अपना नाम सुधीर चौधरी बताने वाले युवक ने मोबाइल फोन पर नीलू हत्याकांड की दर्दनाक दास्तां बताई। सुधीर ने कहा कि वह पेशे से वाहन चालक है।
मुरादाबाद के हिमगिरी कालोनी में वह जीवन यापन करता है। चार साल पहले उसकी मुलाकात मझोला में रहने वाली कांशीराम नगर की रहने वाली नीलू से हुई। घरों में घूम कर बर्तन धोने वाली नीतू ने बातचीत में बताया कि उसके पति विनय की मौत हो चुकी है। वह दो बच्चों आदित्य व मुस्कान की मां है। बड़े पुत्र आदित्य की उम्र 16 वर्ष है। जीवन से जंग लड़ रही महिला सुधीर को दिल दे बैठी। दोनों एक दूसरे के प्यार में खो गए। अंतरजातीय होने के बाद भी दोनों ने साथ जीवन यापन का फैसला किया। शादी बाद दोनों पति-पत्नी के रूप में जीवन यापन करने लगे। नीलू के आवास के ठीक बगल में ही उसकी मां गुड्डी पत्नी स्व. जयप्रकाश का आवास है। कुछ दिनों से नीलू के मन में मलाल था कि उसका पति बगैर अनुमति अपने परिजनों के संपर्क में रहता है। बगैर पूछे वह बिजनौर चला जाता है। इस मुद्दे पर दोनों के बीच रार बढ़ गई।
कातिल ने ऐसे किया प्यार का कत्ल
रार के बीच ही सुधीर व नीलू ने छजलैट स्थित लाडलाबाद स्थित शिव मंदिर जाने की योजना बनाई। सुधीर ने मुरादाबाद में ही पहले छक कर शराब पी। फिर सुधीर व नीलू मुरादाबाद में बाइक पर सवार हुए। बाइक सवार दंपती छजलैट थाना क्षेत्र स्थित हरिद्वार हाईवे पर लदावली गांव के सामने पहुंचे। लदावली गांव के पास ही सुधीर का पिता बलराम सिंह का खोखा है। वह वहां दुकान चलाता है। शाम ढलते ही बलराम घर लौट जाता था। बलराम के घर लौटने के बाद दंपती उसके खोखे पर पहुंचे। वहां बातचीत में दंपती के बीच फिर रार शुरू हो गई। इस बीच नीलू ने कुछ ऐसी बात बोली, जो सुधीर के सीने में शूल बनकर चुभ गई। नीलू पर भड़का सुधीर पल भर में हैवान बन गया। खोखे के आसपास मौजूद ईंट के टुकड़े लेकर उसने नीलू के चेहरे पर वार कर दिया। नशे में धुत सुधीर को तब यह पता नहीं था कि ईंट का वार उसके प्यार की दर्दनाक अंत का पटकथा लिखेगा।
तीन घंटे तक बावला होकर घूमा कातिल
नशे में धुत सुधीर को पल भर में ही अहसास हो गया कि उसने बड़ी चूक की है। तीन साल के अपने ही प्यार का कत्ल कर दिया है। बदहवास सुधीर बावला होकर घटना स्थल से भाग गया। घटना स्थल के आसपास करीब तीन घंटे तक भटकने के बाद रात करीब 11 बजे उसने यूपी पुलिस के 112 नंबर पर काल किया। बताया कि उसने अपनी ही बीवी का अपने ही हाथों कत्ल कर दिया है। बीवी का शव लदावली में होने की बात कातिल ने कबूल की। उधर देर रात पाकबड़ा में दिल्ली हाईवे पर लगे जाम को छुड़ाने के बाद वापस लौट रहे थाना प्रभारी छजलैट को महिला के कत्ल की सूचना मिली। घटना स्थल पर ही मृतका का शव कातिल दोनों मिले। सुधीर ने गुनाह कबूल करते पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। पुलिस को भांपते देर नहीं लगी कि नशे ने एक प्रेमी को कातिल बना दिया। सुधीर की दलीलें उसके दिल का घाव बयां कर रही थीं। शव पोस्टर्माटम हाउस व कातिल थाने भेजा गया। रविवार को नीलू की मां ने दामाद के खिलाफ कत्ल की तहरीर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व सुधीर की दलील को आधार बनाकर आरोपी के खिलाफ पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का अभियोग पंजीकृत कर लिया। अभियुक्त पुलिस की गिरफ्त में है। उससे पूछताछ हो रही है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : हत्या कर फेंका युवती का शव, ऑनर किलिंग की आशंका
