देहरादून में खाद्य सचिव सचिन कुर्वे से मिले आदर्श राशनिंग डीलर्स वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारी, इन मांगों पर बनी सहमति
हल्द्वानी, अमृत विचार। आदर्श राशनिंग डीलर्स वेलफेयर सोसाइटी सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को प्रदेश उपाध्यक्ष रेवाधर बृजवासी के नेतृत्व में खाद्य सचिव सचिन कुर्वे से मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल ने खाद्य सचिव से प्रदेश के सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं की समस्याओं के संबंध में पिछले आश्वासनों पर चर्चा की और …
हल्द्वानी, अमृत विचार। आदर्श राशनिंग डीलर्स वेलफेयर सोसाइटी सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को प्रदेश उपाध्यक्ष रेवाधर बृजवासी के नेतृत्व में खाद्य सचिव सचिन कुर्वे से मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल ने खाद्य सचिव से प्रदेश के सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं की समस्याओं के संबंध में पिछले आश्वासनों पर चर्चा की और शीघ्र समाधान की अपील की।
खाद्य सचिव ने पदाधिकारियों को बताया कि केंद्र सरकार द्वारा पीएचएच और अंत्योदय योजना के अंतर्गत 37 रुपये लाभांश बढ़ाने की जो घोषणा हुई थी, उसकी फाइल एवं 13 रुपये प्रति क्विंटल नेट रिचार्ज खर्चे की फाइल वित्त विभाग में भेजी गई है जिसके अंतर्गत 19 जुलाई 2022 को वित्त विभाग एवं खाद्य विभाग की सचिव स्तरीय बैठक होनी निश्चित हुई है। वित्त विभाग से वित्तीय स्वीकृति मिलते ही इसे लागू कर दिया जाएगा।
वहीं, एसएफवाई योजना के खाद्यान्न का लाभांश पीएचएच के बराबर किए जाने हेतु प्रस्ताव तैयार कर दिया गया है जिसे शीघ्र ही कैबिनेट की बैठक में रखा जाएगा। दालों के लाभांश वृद्धि की फाइल भी तैयार कर दी गई है जिसे शीघ्र लागू कर दिया जाएगा और उड़द और चने की दाल दुकानों में नहीं भेजी जाएगी।
विक्रेताओं की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न कंपनियों से टाइअप करते हुए उनके सामानों की रेट लिस्ट मांगी जा रही है। शीघ्र कंपनियों के साथ अनुबंध होने के साथ ही विक्रेताओं को उचित लाभांश ( कमीशन ) पर अन्य सामान जैसे रिफाइंड ,नमक, चीनी आदि भी उपलब्ध कराने की योजना तैयार हो रही है।
प्रदेश में रामनगर समेत जिन गोदामों में डोर स्टेप योजना से विक्रेताओं की दुकानों मे खाद्यान्न पहुंचाया जा रहा है उस पर आ रही समस्या पर भी सचिव ने सक्षम अधिकारियों के साथ वार्ता कर समस्याओं को दूर किए जाने का आश्वासन दिया है।
प्रदेश उपाध्यक्ष रेवाधर बृजवासी ने बताया कि विगत माह हरिद्वार जिले की जिन दुकानों पर विभाग द्वारा निलंबन की कार्रवाई की गई थी, उनके संदर्भ में सचिव ने हरिद्वार के जिला पूर्ति अधिकारी को फोन पर शीघ्र उन दुकानों को बहाल करने के निर्देश दिए। इस मौके पर आदर्श राशनिंग डीलर्स वेलफेयर सोसाइटी के प्रदेश महासचिव दिनेश चंद्र पांडे, हरिद्वार के जिलाध्यक्ष नरेंद्र शर्मा, महामंत्री महाराज कृष्ण सेठ आदि रहे।
