अमरोहा: बीएससी का प्रश्न पत्र लीक मामले मे अध्यापक सहित चार पर मुकदमा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा/मंडी धनौरा, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबाफुले रुहेलखंड विवि की बीएससी तृतीय वर्ष का वनस्पति विज्ञान का प्रश्न पत्र लीक होने के मामले में पुलिस ने प्राचार्य की तहरीर पर अध्यापक सहित चार लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भागीरथी देवी महाविद्यालय में सोमवार को दूसरी पाली में बीएससी तृतीय वर्ष की …

अमरोहा/मंडी धनौरा, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबाफुले रुहेलखंड विवि की बीएससी तृतीय वर्ष का वनस्पति विज्ञान का प्रश्न पत्र लीक होने के मामले में पुलिस ने प्राचार्य की तहरीर पर अध्यापक सहित चार लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भागीरथी देवी महाविद्यालय में सोमवार को दूसरी पाली में बीएससी तृतीय वर्ष की वनस्पति विज्ञान की परीक्षा थी। अमरोहा के गजस्थल के श्री देवी सिंह इंस्टीट्यूट आफ एजुकेशन के छात्रों का परीक्षा केंद्र भी भागीरथी देवी महाविद्यालय में है। दूसरी पाली दोपहर तीन बजे शुरू होती है। दोपहर 2.40 बजे परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों की तलाशी आदि ली जा रही थी।

इसी दौरान कॉलेज के शिक्षक ने तीन छात्रों को अपने मोबाइल फोन पर किसी प्रश्न पत्र को पढ़ते देखा। मोबाइल लेकर चेक किया गया तो वह बीएससी तृतीय वर्ष के वनस्पति विज्ञान का प्रश्न पत्र था। इस दौरान तीनों परीक्षार्थी मुकुल कुमार, अरुण कुमार व दीशू शर्मा परीक्षा कक्ष में प्रवेश कर चुके थे। शिक्षक द्वारा तत्काल इस मामले में प्राचार्य डॉ. अभय कुमार को अवगत कराया गया।

उनके द्वारा इसकी जानकारी तुरंत परीक्षा नियंत्रक व एसडीएम को दी गई। एसडीएम की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह कॉलेज पहुंचे और तीनों छात्रों को हिरासत में ले लिया। तीनों छात्रों ने पुलिस को पूछताछ के दौरान जानकारी दी कि यह प्रश्न पत्र उनके ही श्री देवी सिंह इंस्टीट्यूट के लिपिक कमल मास्टर नाम के शख्स ने भेजा है। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए तीनों छात्र श्री देवी सिंह इंस्टीट्यूट आफ एजुकेशन के छात्र हैं।

पेपर लीक करने वाला कमल नाम का शख्स इस कालेज में फीस जमा करता है। कमल मास्टर के पास पेपर कैसे पहुंच गया और उनको किसने लीक किया। पुलिस इसकी जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी अमर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि भागीरथी देवी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अभय कुमार की तहरीर पर लिपिक सहित चार पर मुकदमा दर्ज कर कर जांच की जा रही है। जल्द ही इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें:-अमरोहा : नगर पालिका सीमा विस्तार को सरकार की हरी झंडी, सात वर्ग किलोमीटर तक बढ़ेगी सीमा

संबंधित समाचार