मुरादाबाद : छह दिनों में छह ट्रांसफार्मर फुंकने से घरों में अंधेरा
मुरादाबाद, अमृत विचार। दलपतपुर बिजली घर से जुड़े गांव नरखेड़ा व लाड़पुर में छह दिन में छह ट्रांसफॉर्मर फुंक गए। हफ्ते भर से बिना बिजली के रह रहे ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। बिजली की आंख मिचौली और अधिकारियों के व्यवहार से आहत ग्रामीण दलपतपुर बिजलीघर पहुंच कर अधिकारियों से मिलने का प्रयास किया, …
मुरादाबाद, अमृत विचार। दलपतपुर बिजली घर से जुड़े गांव नरखेड़ा व लाड़पुर में छह दिन में छह ट्रांसफॉर्मर फुंक गए। हफ्ते भर से बिना बिजली के रह रहे ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। बिजली की आंख मिचौली और अधिकारियों के व्यवहार से आहत ग्रामीण दलपतपुर बिजलीघर पहुंच कर अधिकारियों से मिलने का प्रयास किया, मगर कोई नहीं मिला। किसानों ने जल्द समस्या का समाधान न होने पर बिजली घर पर ताला डालने की चेतावनी दी है।
बिजली अधिकारियों की मनमानी से मूंढापांडे क्षेत्र के दलपतपुर बिजलीघर से जुड़े कई गांवों के बाशिंदे काफी परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि एक हफ्ते से बिजली उनके साथ आंख मिचौली खेल रही है। एक घंटे में 50 बार ट्रिपिंग हो जाती है। लो वोल्टेज की समस्या बनी है। खेतों की बिजली टू फेज है। इससे सिंचाई नहीं हो पा रही है। कुछ किसानों ने धान की पौध उखाड़ ली थी। बिजली नहीं आने से उसकी रोपाई नहीं होने से सूख गई। जिन किसानों ने रोपाई कर दी है, उनकी फसल सूख रही है। हरे चारे के लिए भी पानी नहीं मिल पा रहा है। बिजली की ट्रिपिंग से घरों में लगे उपकरणों के फुंकने का खतरा बना है।ग्रामीणों का कहना था कि बिजली का बिल हर महीने ओवर रेट से ज्यादा आ रहा है, जबकि आठ घंटे भी ठीक से आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। ग्रामीणों ने जेई और एसडीओ से बात करनी चाही तो वह बिजलीघर पर नहीं थे।
15 दिनों से लो वोल्टेज की समस्या, फसल सूखने का संकट गहराया
लाड़पुर उर्फ सिरसखेड़ा निवासी बबलू ने बताया कि बिजली नहीं रहने से फसल सूख गई है। धान की फसल में दीपक लग गई है। रात में बिजली टू फेज हो जाती है। फेज जोड़ने के लिए बिजलीकर्मियों को चाय-पानी देनी पड़ती है। शट डाउन के नाम पर भी सुविधा शुल्क लेते हैं। श्यामवीर यादव का कहना है कि गांव के लोग पूरी तरह से खेती पर निर्भर हैं। लो वोल्टेज की वजह से सिंचाई नहीं हो पा रही है। फसल सूखने के कगार पर है। पिछले 15 दिनों से लो वोल्टेज की समस्या चल रही है। शिकायत करने बिजलीघर आए तो यहां भी कोई नहीं मिला। किसान जसवंत का कहना है तीन-चार दिन में दो-तीन मिनट लाइट आई थी। शिकायत करने पर बिजली कर्मी फोन पर गाली-गलौज करते हैं। गांव में लो वोल्टेज की वजह से बिजली का कोई भी उपकरण काम नहीं कर रहा है। छह दिन में गांव के छह ट्रांसफॉर्मर ओवरलोड की भेंट चढ़ चुके हैं। बार-बार कहने के बाद भी अधिकारी लोड के हिसाब से ट्रांसफार्मर नहीं लगाते हैं।
कटौती पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, नारेबाजी कर किया प्रदर्शन
मुरादाबाद। तीन महीने से बिजली कटौती का दंश झेल रहे ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने दलपतपुर बिजली घर पर जाकर नारेबाजी की। उन्होंने बिजली अधिकारियों पर शिकायत की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। कटघर क्षेत्र के गांव बरवाला मझरा को दलपतपुर बिजली घर से आपूर्ति की जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि तीन महीने से बरवाला मझरा और रामपुर दोराहा में बिजली नहीं आई। इतना ही नहीं बिल भी ज्यादा आ रहा है। गांव में लोगों ने छोटे-छोटे कारखाने लगा रखे हैं। बिजली नहीं मिलने से उनका काम धंधा चौपट हो गया है। बिजली कटौती और बिल में गड़बड़ी को लेकर गुस्साए लोगों ने दलपतपुर बिजलीघर पर जमकर हंगामा किया। यहां भी उनकी मुलाकात किसी अधिकारी से नहीं हो सकी। इसके बाद ग्रामीणों ने गांव के चौराहे पर भी बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। किसी अधिकारी ने उनकी समस्या का समाधान करने की सुध नहीं ली है।
लगातार हो रही ट्रिपिंग के खेल से लोग बेहाल
मुरादाबाद। शहर में बिजली कटौती को लेकर हाहाकार मचा है। मगर, अधिकारी कटौती मानने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि बिजली चोरी की वजह से ओवरलोड हो जाता है। इसकी वजह से फाल्ट होते हैं और कटौती होती है। विभाग कटौती नहीं कर रहा है। पुराने शहर में हालात बेहद खराब हैं। कहीं फॉल्ट तो कहीं केबिल फुंकने से लोगों को कटौती का सामना करना पड़ रहा है। पॉश कालोनियों में भी हालत अच्छे नहीं हैं।
आशियाना फेज वन-टू में भी बेतहाशा कटौती की जा रही है। इस फीडर से जुड़े करीब छह हजार उपभोक्ता कटौती से परेशान हैं। तहसील स्कूल क्षेत्र के हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। यहां एक फॉल्ट की मरम्मत होने से पहले दूसरा फॉल्ट हो जाता है। इसके चलते लोगों को कई-कई घंटे अघोषित कटौती झेलनी पड़ती है। कानूनगोयान, बरवालान, तंबाकूवालान, लालबाग, नवाबपुरा, उड़पुरा, दसवां घाट, डहरिया, गुड़िया मोहल्ला, अताईमोहल्ला, कंजरीसराय, चाऊ की बस्ती, मियां कॉलोनी के बाशिंदे अघोषित कटौती और ट्रिपिंग से त्रस्त हैं। लो वोल्टेज की समस्या भी है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: जेठ ने की छेड़छाड़ तो विरोध पर पति ने दिया तीन तलाक
