अमरोहा : चारा लेकर लौट रहे लोगों से भरी नाव पलटी, 19 को बचाया, एक की तलाश जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद/हसनपुर, अमृत विचार। तहसील क्षेत्र में रहरा के गांव गंगानगर में गंगा के टापू से चारा लेकर लौट रहे 20 लोगों से भरी नाव गंगा में पलट गई। स्थानीय लोगों की मदद से 19 लोगों को सकुशल बाहर निकाला गया। वहीं एक लापता महिला की तलाश जारी है। सूचना मिलने पर आला अधिकारी मौके पर …

मुरादाबाद/हसनपुर, अमृत विचार। तहसील क्षेत्र में रहरा के गांव गंगानगर में गंगा के टापू से चारा लेकर लौट रहे 20 लोगों से भरी नाव गंगा में पलट गई। स्थानीय लोगों की मदद से 19 लोगों को सकुशल बाहर निकाला गया। वहीं एक लापता महिला की तलाश जारी है। सूचना मिलने पर आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

रहरा थाना क्षेत्र के गांव गंगानगर के ग्रामीण प्रदीप, नन्हीं, अंजू, आनंद, आरती, जसवीर, ओंमकार, रघुनाथ, माया, सुरेंद्र, उर्मिला, ममता, शीशपाल, पिंकी, शिवानी, शीला, फूलवती, लीलावती, बबीता व सेवक गुरुवार की सुबह नाव से पशुओं के लिए चारा लेने के लिए गंगा के टापू पर गए थे। गंगा के टापू से चारा काटने के बाद सभी ग्रामीण पशुओं का चारा नाव में रखकर वापस गांव लौट रहे थे।

इस दौरान गंगा के बीच धार में आते ही ग्रामीणों से भरी नाव गंगा में पलट गई। नाव के पलटते ही ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई। नाव में सवार कुछ ग्रामीणों तथा गंगा किनारे काम कर रहे स्थानीय लोगों की मदद से एक घंटे की मशक्कत के बाद 19 लोगों को सकुशल निकाल लिया गया। वहीं, नन्ही पत्नी प्रदीप का अभी कोई पता नहीं चल सका है। परिजन स्थानीय लोगों की मदद से गंगा में तलाश कर रहे हैं।

सूचना पर विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों एवं गोताखोरों की मदद से लापता महिला की गंगा में काफी तलाश की जा रही है लेकिन महिला का अभी तक कुछ पता नहीं चला है। विधायक ने ग्रामीणों एवं पीड़ित परिवार से वार्ता कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया और प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर जल्द से जल्द महिला को ढूंढने के निर्देश दिए। गंगा में डूबी महिला को जाल लगाकर ग्रामीणों द्वारा तलाश की जा रही है। फिलहाल ग्रामीणों द्वारा काफी कोशिश करने के बाद भी सफलता हाथ नहीं लगी।

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी
हसनपुर। सूचना के बाद मौके पर एडीएम भगवान सरन, उप जिला अधिकारी सुधीर कुमार, तहसीलदार अर्चना शर्मा, रहरा थानाध्यक्ष वरुण कुमार, गंगानगर चौकी इंचार्ज सत्यदेव सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने गोताखोंरो से जल्द महिला को ढूंढने को निर्देश दिए।

घटना के तीन घंटे के बाद भी नहीं पहुंचे गोताखोर, ग्रामीणों में रोष
हसनपुर। गांव गंगानगर में नाव पलटने की घटना के बाद ग्रामीणों ने 19 लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से सकुशल बाहर निकाल लिया। वही अभी लापता महिला की तलाश जारी है। तीन घंटे के बाद भी गोताखोरों के नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में रोष है। वहीं, लापता महिला की बेटी शिवानी, सुनीता,कविता तथा बेटे शिवम सहित परिजनों का बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें:- अमरोहा: दो पक्षों में लाठी-डंडे चलने के बाद पुलिस टीम पर पथराव, चार गिरफ्तार

संबंधित समाचार