उन्नाव: नर्सिंग होम में प्रसव के बाद जच्चा की मौत, परिजनों ने किया हंगामा, केस दर्ज
सफीपुर/उन्नाव। स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों की अनदेखी जनता जनार्दन के लिए जानलेवा साबित हो रही है। मानक विहीन नर्सिंग होम लोगों से बेहतर इलाज के नाम पर अनाप सनाप पैसा वसूल रहे हैं इसके बावजूद जान की सलामती की कोई गारंटी नहीं है। ऐसे ही एक मामले में प्रसव के बाद जच्चा की मौत हो …
सफीपुर/उन्नाव। स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों की अनदेखी जनता जनार्दन के लिए जानलेवा साबित हो रही है। मानक विहीन नर्सिंग होम लोगों से बेहतर इलाज के नाम पर अनाप सनाप पैसा वसूल रहे हैं इसके बावजूद जान की सलामती की कोई गारंटी नहीं है। ऐसे ही एक मामले में प्रसव के बाद जच्चा की मौत हो गयी।
इसके बाद नर्सिंग होम का स्टाफ फरार हो गया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में तोड़ फोड़ कर जमकर हंगामा काटा। हंगामें की सूचना पर एसडीएम, प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक सहित पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचा। तहरीर लेकर परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
कोतवाली क्षेत्र के जुझारपुर गांव निवासी मुलायम सिंह प्रसव पीड़ा होने पर 23 वर्षीया पत्नी दीपा को लेकर बुधवार देर रात स्थानीय सीएचसी पहुंचा। जहां पर मौजूद महिला स्वास्थ्य कर्मियों ने उसे वहां से दो दिन बाद प्रसव होने की बात कह भेज दिया। प्रसव पीड़ा अत्यधिक होने पर परिजन उसे कस्बे के उन्नाव हरदोई मुख्यमार्ग स्थित रौनक हॉस्पिटल लेकर पहुंचे जहां पर गुरुवार सुबह ऑपरेशन से महिला ने बच्ची को जन्म देकर प्रसूता की मौत हो जाने से हॉस्पिटल संचालक सहित पूरा स्टॉफ मौके से भाग निकला।
प्रसूता की मौत से आक्रोषित परिजनों ने जमकर हंगामा काटा। सूचना पर उपजिलाधिकारी शिवेंद्र कुमार वर्मा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ राजेश वर्मा व प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर परिजनों को कई घंटो के बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। एसडीएम शिवेंद्र वर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर अस्पताल सील कराने की कार्रवाई की जा रही है।
कस्बे में संचालित कई मानक विहीन नर्सिंग होम
स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के संरक्षण में कस्बे में कई मानक विहीन निजी हॉस्पिटल संचालित हैं। जहां पर गरीब जनता को इलाज के नाम पर आर्थिक शोषण कर जान के साथ खिलवाड़ किया जाता है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आए दिन इस तरह की हो रही घटनाओं के बावजूद कार्यवाही किए जाने से बचता रहता है।
डिप्टी सीएमओ ने सील किया नर्सिंग होम
डिप्टी सीएमओ ललित व क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार राय ने भी मौके पर पहुंच पीड़ित परिजनों को जांच का आश्वासन देकर मामला शांत कराया तथा मृतका के शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला चिकित्सालय भिजवाया। वहीं हॉस्पिटल को सीज कर आवश्यक कार्यवाही शुरू की।
यह भी पढ़ें:-गोरखपुर : बीवी के चरित्र पर शक में तबाह कर दिया परिवार, अपने ही बेटे को गाड़ी से कुचला, हुई मौत
