शाहजहांपुर: परिवार रजिस्टर में छेड़छाड़ कर महिला का नाम बढ़ाने का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, निगोही/शाहजहांपुर। एक बार फिर से पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा का नाम चर्चा में आ गया। इस बार उनकी पुत्रवधू ने परिवार रजिस्टर में साजिशन एक महिला का नाम बढ़ाने का आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों से लिखित शिकायत की है। वहीं पूर्व विधायक के बेटे पूर्व ब्लाक प्रमुख मनोज वर्मा ने मीडिया से …

अमृत विचार, निगोही/शाहजहांपुर। एक बार फिर से पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा का नाम चर्चा में आ गया। इस बार उनकी पुत्रवधू ने परिवार रजिस्टर में साजिशन एक महिला का नाम बढ़ाने का आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों से लिखित शिकायत की है। वहीं पूर्व विधायक के बेटे पूर्व ब्लाक प्रमुख मनोज वर्मा ने मीडिया से बातचीत में सत्तापक्ष की विधायक पर भी आरोप लगाए हैं।

पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा के स्वर्गीय बेटे विनोद कुमार की पत्नी रुचि वर्मा ने एसपी को पत्र भेजकर अपनी शिकायत दर्ज करवाई है। रुचि वर्मा का आरोप है कि इनके परिवार में उनके अलावा उनका एक बेटा और एक बेटी ही है। नगर पंचायत के कर्मचारियों ने सत्तापक्ष के इशारे में उनके परिवार रजिस्टर में छेड़छाड़ कर एक महिला को विनोद कुमार की पत्नी बताते हुए नाम दर्ज कर दिया है। रुचि का आरोप है कि गलत तरीके से उस महिला का नाम जोड़ा गया है।

इस संबंध में रुचि वर्मा के जेठ निगोही के पूर्व ब्लाक प्रमुख मनोज वर्मा ने प्रेसवार्ता करते हुए मामला मीडिया को बताया। मनोज वर्मा ने बताया कि उनके छोटे भाई विनोद वर्मा की मृत्यु वर्ष 2018 में हो गई थी। उक्त बात की प्रविष्टि निगोही ग्राम पंचायत के रजिस्टर में दर्ज थी। 31 दिसंबर 2019 को निगोही को नगर पंचायत का दर्जा मिल गया। जिसके बाद 23 जून 2022 को परिवार रजिस्टर ग्राम पंचायत से नगर पंचायत को दे दिया गया।

मनोज वर्मा का आरोप है कि 15 जुलाई 2022 को परिवार रजिस्टर मौजूदा विधायक ने अपने कार्यालय पर नगर पंचायत के लिपिक दानिश खान से मंगवाया था। 20 जुलाई को जब रजिस्टर वापस लिया गया तो उसमे साजिशन सरिता यादव का नाम बढ़ाया गया था। आरोप है कि परिवार रजिस्टर में छेड़छाड़ कर उसमे यह नाम बढ़ाया गया है। मनोज वर्मा ने उक्त प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर कार्यवाही की मांग की है।

परिवार रजिस्टर में महिला का नाम बढ़ाने का दावा पूर्व प्रमुख कर रहे हैं। पूर्व प्रमुख से परिवार रजिस्टर की पूर्व की नकल मांगी गई है। पूर्व की नकल से ही मिलान हो सकता है कि नाम बढ़ाया गया या नहीं। अभी तक पूर्व प्रमुख परिवार रजिस्टर की पुरानी नकल नहीं दे पाए हैं—अवनीश गंगवार, ईओ- निगोही।

संबंधित समाचार