बरेली: रिफ्यूजी समिति के सचिव का खेल, पार्क-पार्किंग, ग्रीन फील्ड और सड़कें भी बेच दीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। रिफ्यूजी सहकारी आवास समिति के सचिव ने नियमों को दरकिनार कर जमीन के मामलों में खूब घपला किया। आवासीय भूमि का व्यावसायिक उपयोग होता रहा, लेकिन आपत्ति नहीं की। अब उसी जगह पर पक्के और बड़े शोरूम खुल गए हैं। निरंकुशता पर अंकुश नहीं लगा तो उन्होंने सोसाइटी में सड़क की भूमि को …

बरेली, अमृत विचार। रिफ्यूजी सहकारी आवास समिति के सचिव ने नियमों को दरकिनार कर जमीन के मामलों में खूब घपला किया। आवासीय भूमि का व्यावसायिक उपयोग होता रहा, लेकिन आपत्ति नहीं की। अब उसी जगह पर पक्के और बड़े शोरूम खुल गए हैं। निरंकुशता पर अंकुश नहीं लगा तो उन्होंने सोसाइटी में सड़क की भूमि को भी भूखंड बनाकर बेच डाला।

सोसाइटी में और भी सदस्य रहे, लेकिन दस्तावेजों और रजिस्ट्री में सचिव कुलदीप प्रकाश आहूजा के हस्ताक्षर होते रहे। अब नियम विरुद्ध हुईं सभी रजिस्ट्री को रद कराने की तैयारी की जा रही है। वहीं, कारनामा उजागर होने के बाद अपर आवास आयुक्त के निर्देश के बाद बरेली के सहायक आवास आयुक्त पीके श्रीवास्तव ने मंगलवार समिति के सचिव को बर्खास्त कर दिया।

रिफ्यूजी सहकारी आवास समिति ( माडल टाउन ) ने 1950 में एक लाख 79 हजार 908 वर्ग गज भूमि 68 हजार 988 रुपये में नगर निगम से खरीदी थी। समिति का उद्देश्य था कि पाकिस्तान से आए शरणार्थियों को यहां बसाया जाएगा। इसके लिए सोसाइटी के लेआउट में 250 भूखंड बनाए गए। शुरुआत में सब ठीक था लेकिन बाद में इसमें खेल होने लगा। यहां तक कि सड़क की जमीन को भी बेच दिया। पूरे खेल में एक और बात सामने आई कि समिति का वर्षों से ऑडिट नहीं कराया। जब जांच हुई तो आय-व्यय का ब्यौरा भी नहीं दे सके।

सचिव ने सड़क बेचकर रजिस्ट्री कर डाली
सहकारी आवास अधिकारी ने अपने पत्र में दर्शाया है कि समिति के नक्शे में पश्चिम दिशा में सड़क की चौड़ाई 60 फिट दर्शायी गई, जबकि यहां जिन भूखंडों की रजिस्ट्री की गई, उसमें सड़क की चौड़ाई 36 फीट दर्शायी गई। यानी 24 फीट सड़क की जगह बेच दी गई। स्टेडियम रोड पर आवंटित भूखंड के पश्चिमी दिशा में करीब 28 हजार 800 वर्ग फीट जगह बेच दी गई।

यह जगह बेचने की अनुमति किसी सक्षम अधिकारी से लिए बिना लेआउट में परिवर्तन कर दिया गया। भूखंड संख्या-1 ए से दक्षिण की तरफ सड़क की चौड़ाई 80 फीट है, लेकिन मौके पर 30 से 40 फीट से ज्यादा नहीं है। इससे माना जा रहा है यहां भी सड़क का हिस्सा सचिव ने बेच डाला है। इस मामले को उठाने वाले अजय सूरी ने कहा कि अब वे सड़क, पार्क पार्किंग, ग्रीनफील्ड पर हुई रजिस्ट्री को रद कराने की तैयारी कर रहे हैं।

स्टेडियम रोड की 12 फीट पट्टी भी बेची
स्टेडियम रोड 120 फीट चौड़ा है। इसके बाद रिफ्यूजी सहकारी आवास समिति के लेआउट में 12 फीट की एक पट्टी छूटी थी। उसे भी बिना किसी की अनुमति लिए समिति के सचिव ने बेच दिया। यह भी कहा- इनमें कुछ भूखंड ऐसे हैं जो 24 बार बेचे गए। नियमत: इन भूखंडों की बिक्री होने पर 10 प्रतिशत का लाभांश समिति के खाते में आना चाहिए था, लेकिन सचिव ने जानकारी नहीं दी कि लाभांश समिति के खाते में आया या नहीं।

मल्टी स्टोरी अपार्टमेंट भी बिना अनुमति के निर्मित
समिति के सचिव की मनमानी लगातार जारी रही। नियमों से उठकर वे समिति को अपने अनुसार चलाते रहे। आवास अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में दर्शाया है कि भूखंड संख्या ए- 109 एवं इसके पीछे भूखंड संख्या बी-124, बी-125, तथा ए-107 और बी-121 पर मल्टी स्टोरी अपार्टमेंट बिना अनुमति के निर्मित कर लिए गए हैं। इसी प्रकार गुरु गोविंद सिंह इंटर कॉलेज के सामने पार्किंग व दुकानों को अवैधानिक रूप से बेच दिया गया। जहां इस समय मकान बन गए हैं। इसी स्कूल के सामने पार्क का 60 फीसदी भूखंड भी बेच डाला गया है।

इन आवासीय प्लाटों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियां
प्लाट संख्या                           गतिविधियां

1 ए                                          पुलिस चौकी

2ए                                       दुकान

3ए                                           हार्डवेयर और मार्बल की दुकान

4ए                                      दुकान

5ए                                         सेनेट्री की दुकान

6ए                                      संचार कंपनी का स्टोर

7ए 11ए,12ए                            भवन

8ए                                     मोबाइल कंपनी का शोरूम

9ए                                         बाइक कंपनी का शो रूम

10ए                                  वाइन और बियर शॉप

13 ए                                   अस्पताल

14ए                                 सीमेंट सरिया की दुकान

14ए/1                                  हरीश अनेजा का मकान (ग्रीन फील्ड )

18ए                                लीगल कंसलटेंसी

21ए                                   बार डाउन टाउन (ध्वस्त किया जा चुका है )

22ए,23ए                        4-4 दुकानें

24ए                                  मकान

यह भी पढ़ें- बरेली: अपने ही थाने की महिला दरोगा पर सिपाही ने लगाया पिटाई का आरोप, वीडियो वायरल

संबंधित समाचार