Commonwealth Games 2022 : वंदना कटारिया बोलीं- विश्व कप के बाद सुधार किया, पदक जीतने को लेकर सकारात्मक
बर्मिंघम। भारतीय महिला हॉकी टीम की अनुभवी फॉरवर्ड खिलाड़ी वंदना कटारिया ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में घाना के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत से पहले शुक्रवार को कहा कि टीम ने एफआईएच विश्व कप के बाद पिछले दो हफ्तों में काफी सुधार किया है। वंदना ने टूर्नामेंट के लिये टीम की तैयारियों के बारे में …
बर्मिंघम। भारतीय महिला हॉकी टीम की अनुभवी फॉरवर्ड खिलाड़ी वंदना कटारिया ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में घाना के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत से पहले शुक्रवार को कहा कि टीम ने एफआईएच विश्व कप के बाद पिछले दो हफ्तों में काफी सुधार किया है। वंदना ने टूर्नामेंट के लिये टीम की तैयारियों के बारे में कहा, “हमारी तैयारियां अच्छी चल रही हैं। विश्व कप के बाद हमारे पास (राष्ट्रमंडल खेलों के) पहले मैच की तैयारी के लिये दो हफ्ते थे। हमने अपना सारा समय अपनी क्षमताओं को सुधारने में और अपनी कमज़ोरियों को समाप्त करने में लगाया है। मेरा मानना है कि हमने पिछले दो हफ्तों में काफी सुधार किया है।”
उन्होंने कहा, “हमारा प्रदर्शन भले ही विश्व कप में हमारी पूरी क्षमता के अनुसार नहीं था, यह हमारे लिये खुशी और आशा की बात है कि हमने हमेशा अपना प्राकृतिक खेल खेलने का प्रयास किया। हमने कभी हार नहीं मानी जिससे इस टीम के खिलाड़ियों की मानसिक क्षमता का पता चलता है। यह राष्ट्रमंडल खेल 2022 के पहले मैच में हमारे हित में काम करेगा।”
आपको बता दें कि वंदना तीसरी बार राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। वह इससे पहले 2014 और 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में खेल चुकी हैं। जब वंदना से उनकी निजी फॉर्म और प्रदर्शन के बारे में पूछा गया, “मुझे लगता है कि मैं शानदार फॉर्म में हूं और विश्व कप से ही लय में भी हूं। मैं बिलकुल तैयार हूं और पहले मैच के शुरू होने का इंतज़ार नहीं कर सकती। मैं राष्ट्रमंडल खेल 2022 में अपनी टीम के पदक जीतने की संभावना को लेकर बेहद सकारात्मक हूं।”
येभी पढ़ें : CWG 2022 : कॉमनवेल्थ में भारत की जबरदस्त शुरुआत, मनिका बत्रा-श्रीजा अकुला ने अपने-अपने मैच जीते
