हल्द्वानी: अमृत विचार की खबर के बाद हरकत में आया स्वास्थ्य विभाग, एक्सपायरी इंजेक्शन मामले में एसीएमओ को सौंपी जांच
हल्द्वानी, अमृत विचार। एएनएम द्वारा गलत व एक्सपायरी डेट का इंजेक्शन लगाने की कोशिश करने के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने जांच बैठा दी है। इस मामले में अब विभाग के अन्य अधिकारियों में भी खलबली मच गई है। एक्सपायरी डेट की वैक्सीन के इस मामले की जांच एसीएमओ डॉ. रश्मि पंत को सौंपी गई …
हल्द्वानी, अमृत विचार। एएनएम द्वारा गलत व एक्सपायरी डेट का इंजेक्शन लगाने की कोशिश करने के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने जांच बैठा दी है। इस मामले में अब विभाग के अन्य अधिकारियों में भी खलबली मच गई है। एक्सपायरी डेट की वैक्सीन के इस मामले की जांच एसीएमओ डॉ. रश्मि पंत को सौंपी गई है। उन्हें जल्द ही इस जांच को पूरा कर रिपोर्ट सीएमओ को सौंपनी होगी।
बैलपड़ाव स्वास्थ्य केंद्र पर 13 जुलाई को सामने आई इस घटना को अमृत विचार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस मामले में पीड़ित ने वीडियो बनाकर उसे वायरल किया था। जिसमें एएनएम के पास एक्सपायरी डेट की वैक्सीन दिख रही थी। इस वैक्सीन में एक्सपायरी तिथि मई लिखी थी। यही नहीं, वीडियो बनाने वाले देशराज की शिकायत थी कि वह अपने दस साल के बेटे को टीटी का टीका लगवाने आए थे। जबकि, एएनएम ने रूबेला की वैक्सीन हाथ में ली थी। वह वैक्सीन भी एक्सपायर हो चुकी थी। जब आपत्ति जताई तो एएनएम ने अपनी गलती को भी नहीं स्वीकारा।
शुरू में स्वास्थ्य विभाग ने इसकी जांच एमओआईसी को सौंपी गई थी। मामला, पता करने के निर्देश दिए गए थे। अब इस मामले में एसीएमओ को जांच सौंप दी गई है। मामला, चूंकि एक्सपायरी डेट की वैक्सीन का भी है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के कई अन्य जिम्मेदार भी जांच घेरे में आ सकते हैं।
इधर सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी ने बताया कि मामले की जांच एसीएमओ डा. रश्मि पंत को सौंपी गई है। जो भी दोषी पाया जायेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लायी जायेगी।
