बागेश्वर: हेलंग में घास काट रही महिलाओं के साथ सीआईएसएफ और पुलिस की अभद्रता के खिलाफ प्रदर्शन
बागेश्वर, अमृत विचार। हेलंग में घास काट रही महिला के साथ सीआईएसएफ व पुलिस द्वारा अभद्रता के खिलाफ विभिन्न संगठनों ने तहसील मुख्यालय में प्रदर्शन किया तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सोमवार को विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि तहसील मुख्यालय में एकत्र हुए तथा धरना दिया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि पहाड़ …
बागेश्वर, अमृत विचार। हेलंग में घास काट रही महिला के साथ सीआईएसएफ व पुलिस द्वारा अभद्रता के खिलाफ विभिन्न संगठनों ने तहसील मुख्यालय में प्रदर्शन किया तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सोमवार को विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि तहसील मुख्यालय में एकत्र हुए तथा धरना दिया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि पहाड़ की महिलाएं विश्व के पर्यावरण को संरक्षण के लिए कार्य कर रही हैं। कहा कि चमोली पुलिस व सीआईएसएफ द्वारा टीएचडीसी की शह पर हेलंग में महिला को गिरफ्तार करके छह घंटे तक जोशीमठ कोतवाली में रखा गया। इसे उत्तराखंड की जनता बर्दाश्त नहीं कर सकती है। उन्होंने घास छीनने व महिला से अभद्रता करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने, चमोली के जिलाधिकारी को हटाए जाने, वन पंचायत नियमावली का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
इसके अलावा टीएचडीसी के विरुद्ध मलबा नदी में डालने व पेड़ काटने की रिपोर्ट दर्ज करने की भी मांग की। इसके बाद उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। इस दौरान सरपंच संगठन के पूरन सिंह रावल, भगवत सिंह, प्रकाश सिंह परिहार, सवाल संगठन के रमेश पांडे, उक्रांद के जिलाध्यक्ष हीरा बल्लभ भट्ट आदि मौजूद रहे।
