यूपी: 28 सीएमओ-सीएमएस पर गिर सकती है गाज, जिलों से ही भेजी गई थी गलत सूचना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। प्रदेश में सरकार की तबादला नीति के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग में बीती 30 जून को किये गये 313 चिकित्सकों के तबादलों में हुई गड़बड़ी के मामले में प्रदेश के 28 मुख्य चिकित्साधिकारियों व मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों पर जल्द ही गाज गिर सकती है। स्वास्थ्य महानिदेशालय ने इन 28 सीएमओ और सीएमएस द्वारा तबादलों में …

लखनऊ। प्रदेश में सरकार की तबादला नीति के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग में बीती 30 जून को किये गये 313 चिकित्सकों के तबादलों में हुई गड़बड़ी के मामले में प्रदेश के 28 मुख्य चिकित्साधिकारियों व मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों पर जल्द ही गाज गिर सकती है। स्वास्थ्य महानिदेशालय ने इन 28 सीएमओ और सीएमएस द्वारा तबादलों में की गयी गड़बड़ियों की फाइल शासन को भेज दी है। अब शासन से जल्द ही कार्रवाई किये जाने की संभावना है।

गौरतलब है कि तबादलों में गड़बड़ी जिला स्तर पर हुई थी। जिलों से ही लेवल-1 के चिकित्सकों के स्थान पर लेवल-2 और लेवल-3 की गलत सूचना भेजी गयी थी। स्वास्थ्य विभाग के निदेशक प्रशासन राजा गणपति आर ने सोमवार को बताया कि विभिन्न जनपदों से 28 मुख्य चिकित्साधिकारियों व मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों ने चिकित्सकों के संबंध में गलत सूचना भेजी थी। इन सभी 28 जिलों के मुख्य चिकित्साधिकारियों व मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों से तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया था, जो प्राप्त हो चुका है।

सभी जिलों के सीएमओ और सीएमएस ने अपने स्पष्टीकरण में त्रुटि स्वीकार की है। निदेशक (प्रशासन) ने बताया कि सभी जिलों के सीएमओ, सीएमएस से मिले स्पष्टीकरण को शासन को आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। पिछले दिनों तबादलों का विरोध करने वाले प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को भी सीसीटीवी फुटेज से चिन्हित कर कार्रवाई करने की तैयारी है।

कर्मियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं : निदेशक (प्रशासन)

तबादला पत्रावलियों से जुड़े कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई व 14 कर्मियों के निलंबन के संबंध में मीडिया में आयी खबरों को गलत बताते हुए उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी कर्मचारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होनी है। उन्होंने साफ किया कि जब जिलों से ही गलत सूचना मिल रही थी तो यहां कर्मचारी को कैसे पता चलेगा कि यह सूचना सही है या गलत। कर्मचारी ने प्राप्त सूचना के आधार पर ही तबादला सूची तैयार की।

इन जिलों के सीएमओ व सीएमएस ने भेजी गलत सूचना

वाराणसी, लखनऊ, आजमगढ़, गौतमबुद्धनगर, बस्ती, रायबरेली, चंदौली, उन्नाव, मऊ, अमेठी, मथुरा, बरेली, मुरादाबाद, अलीगढ़, संतकबीरनगर, कानपुर, आगरा, कुशीनगर, हाथरस, गाजियाबाद, अयोध्या, जौनपुर, बलिया, फर्रुखाबाद, भदोही, प्रतापगढ़, सीतापुर और मेरठ।

यह भी पढ़ें:-कांग्रेस सांसदों ने महंगाई, जीएसटी और निलंबन के मुद्दे पर संसद परिसर में दिया धरना

संबंधित समाचार