हल्द्वानी: ‘युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का मानसिक संतुलन बिगड़ा, अच्छे मनोचिकित्सक से कराएं इलाज’… आखिर प्रदेश उपाध्यक्ष प्रिंस ने क्यों कहा ऐसा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड युवा कांग्रेस में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। जनमुद्दों की लड़ाई लड़ने के बजाय युवा कांग्रेस के नेता एक दूसरे से ही उलझ रहे हैं। आलम यह है कि युवा कांग्रेस के निर्वाचित प्रदेश उपाध्यक्ष गुरुप्रीत सिंह प्रिन्स ने अपने ही प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर के निर्णयों पर सवाल खड़े …

हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड युवा कांग्रेस में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। जनमुद्दों की लड़ाई लड़ने के बजाय युवा कांग्रेस के नेता एक दूसरे से ही उलझ रहे हैं। आलम यह है कि युवा कांग्रेस के निर्वाचित प्रदेश उपाध्यक्ष गुरुप्रीत सिंह प्रिन्स ने अपने ही प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर के निर्णयों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इतना ही नहीं प्रिंस ने सुमित्तर भुल्लर को अच्छे मनोवैज्ञानिक से इलाज कराने की सलाह तक दे डाली।

जारी बयान में गुरुप्रीत सिंह प्रिन्स ने कहा कि जिस तरह से देर रात गुपचुप तरीके से युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर घोषणा कर रहे हैं वह दर्शाता है कि उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष को अपना इलाज अच्छे मनोचिकित्सक से कराना चाहिए तभी वह संगठन को आगे बढ़ाने के निर्णय ले सकेंगे।

अब आपको पूरा मामला तफ्शील से बताते हैं। दरअसल युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर की ओर से रातों रात जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिंह गौनिया को उनके पद से हटाकर प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त कर दिया गया। जब इस निर्णय की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से संगठन के पदाधिकारियों को हुई तो सब हैरान रह गए।

प्रदेश उपाध्यक्ष गुरुप्रीत सिंह प्रिन्स के अनुसार, जब उन्होंने इस निर्णय की सत्यता की जानकारी प्रदेश प्रभारी प्रदीप सूर्या से ली तो उन्होंने बताया कि यह निर्णय प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने स्वयंभू बनकर लिया है। इस निर्णय को लेकर प्रदेश कार्यकारिणी और राष्ट्रीय स्तर को विश्वास में नहीं लिया गया। गुरुप्रीत सिंह प्रिन्स ने कहा कि पूर्व में भी इस तरह की कई निर्णय प्रदेश अध्यक्ष अपने हठी स्वभाव के कारण ले चुके हैं, इससे संगठन को कई बार दंश झेलना पड़ा है।

यह भी पढ़ें: हल्द्वानी: अब दून दरबार पहुंचेगा युवा कांग्रेस में महानगर अध्यक्ष की नियुक्ति का विवाद

यह भी पढ़ें: हल्द्वानी: यूथ कांग्रेस का प्रदेश महासचिव बोला- तेरा जीना हराम कर दूंगा, दिवंगत विधायक इंदिरा हृदयेश और सुमित का अपमान करने से भी नहीं चूका

यह भी पढ़ें: हल्द्वानी: उत्तराखंड यूथ कांग्रेस का प्रदेश महासचिव जो था हिस्ट्रीशीटर… हो गया जिलाबदर

बताते चलें कि इससे पहले हेमंत साहू को हल्द्वानी महानगर का अध्यक्ष बनाने को लेकर भी लंबे समय तक संगठन में रार की स्थिति बनी रही। हेमंत साहू खुद को महानगर अध्यक्ष कहकर प्रेस रिलीज जारी करते रहे और संगठन के अन्य पदाधिकारी उनके मनोनयन को लेकर सवाल उठाते रहे। वहीं, दो दिन पहले ही युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव हिस्ट्रीशीटर हृदयेश कुमार पर नैनीताल पुलिस ने जिला बदर की कार्रवाई की। ऐसे में संगठन के जिम्मेदार पदों पर नियुक्ति को लेकर सवाल उठना लाजिमी भी है।

संबंधित समाचार