हरदोई: जमीनी रंजिश में दूध कारोबारी, उसके बाबा और चचेरे भाई की कार से कुचल कर मौत
हरदोई। बाइक सवार दूध कारोबारी, उसके बाबा और चचेरे भाई की कार से कुचल कर दर्दनाक मौत हो गई। कासिमपुर थाने के दरियारी और करौंदी खेड़ा के बीच हुए इस हादसे में आरोप है कि जमीनी रंजिश के चलते तीनों को कार से कुचल कर मौत की नींद सुला दिया गया। पुलिस सारे मामले की …
हरदोई। बाइक सवार दूध कारोबारी, उसके बाबा और चचेरे भाई की कार से कुचल कर दर्दनाक मौत हो गई। कासिमपुर थाने के दरियारी और करौंदी खेड़ा के बीच हुए इस हादसे में आरोप है कि जमीनी रंजिश के चलते तीनों को कार से कुचल कर मौत की नींद सुला दिया गया। पुलिस सारे मामले की गहराई से जांच-पड़ताल कर रही है। बताते हैं कि कासिमपुर थाने के सांवलखेड़ा निवासी रेहान दूध का कारोबार करता था।
सोमवार को रेहान दूध ले कर अपने बाबा दूबर के साथ बाइक से सण्डीला गया हुआ था। वहीं उसका चचेरा भाई रईस भी मिल गया। तीनों लोग शाम के वक्त बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान दरियारी और करौंदी खेड़ा के बीच कार से कुचल कर तीनों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद कार सवार सभी लोग कार को वहीं पर छोड़ कर भाग निकले।
इसका पता होते ही वहां आस-पास के लोगों की भीड़ जुटने लगी। किसी तरह रेहान, उसके बाबा दूबर और चचेरे भाई रईस की शिनाख्त हो सकी। इस मामले में आरोप है कि सांवलखेड़ा के सद्दाम, आरिफ और गुफरान से रेहान की ज़मीनी रंजिश चल रही थी। उसी के चलते तीनों बाइक सवारों को जान-बूझकर कार से कुचल कर मौत के घाट उतार दिया गया।
रेहान के घर वालों ने आरिफ,सद्दाम और गुफरान के ऊपर हत्या करने का खुला आरोप लगाया है। हादसे की खबर सुनते ही ग़म के साथ-साथ सभी में गुस्सा फैलने लगा। इसी बीच वहां पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल करनी शुरू कर दी है।
दीवार ने पैदा की दिलों में दरार
बताया जा रहा है कि कासिमपुर थाने के सांवलखेड़ के रेहान और उसी गांव के आरिफ,सद्दाम और गुफरान के बीच बस एक दीवार को लेकर ऐसी दरार पड़ी कि तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने जांच के साथ-साथ वहां रेहान के घर और बाहर वालों से पूछताछ कर रही है। बताया जा है,कि पुलिस को कई क्लू हाथ लगे हैं, माना जा रहा है कि जल्द ही सच्चाई सामने होगी।।
शिकायत पर पुलिस देती ध्यान,तो नहीं होता ऐसा अंजाम
कासिमपुर थाने के सांवलखेड़ा में तीन लोगों की एक साथ हुई मौत को लेकर जो बात सामने आई है, उसके मुताबिक रेहान और सद्दाम के बीच चली आ रही ज़मीनी रंजिश के चलते हुए एक-आध बार झगड़ा भी हो चुका था। जिसकी पुलिस से शिकायत भी की गई। लेकिन पुलिस ने कोई ध्यान नहीं दिया। नतीजतन उसके इसी लापरवाह रवैए के चलते तीन लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा।
पढ़ें-बहराइच: जमीनी रंजिश के चलते हुई मारपीट, पांच घायल, तीन की हालत गंभीर
