रुद्रपुर: पुलिस ने 38 लाख रुपये के ठगी का आरोपी दबोचा
रुद्रपुर, अमृत विचार। रुद्रपुर के एक व्यापारी को ई राशन कार्ड बनाने का ठेका दिलाने के नाम पर 38 लाख की ठगी करने वाले एक शातिर ठग को पुलिस ने लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार दोपहर बाद एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने खुलासा करते हुए बताया कि आवास विकास स्थित जीविका इंटरप्राईजेज के …
रुद्रपुर, अमृत विचार। रुद्रपुर के एक व्यापारी को ई राशन कार्ड बनाने का ठेका दिलाने के नाम पर 38 लाख की ठगी करने वाले एक शातिर ठग को पुलिस ने लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार दोपहर बाद एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने खुलासा करते हुए बताया कि आवास विकास स्थित जीविका इंटरप्राईजेज के स्वामी अक्षय बाबा ने मामले में रिपोर्ट कराई थी कि लखनऊ निवासी ज्ञान प्रकाश सिंह ने खुद को युवा शक्ति कंस्ट्रक्शन प्रालि. का निदेशक बताते हुए टैक महिन्द्रा से उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश राज्य में विभिन्न जिलों का ई-राशन कार्ड तैयार करने का काम मिलने की बात कही। ज्ञान प्रकाश सिंह ने टैक महिन्द्रा से डील की फर्जी अनुबन्ध कॉपी भी उसे दिखाई थी।
साथ ही अपनी फर्म के प्राईवेट लि. होने के प्रमाणित कागजात भी दिखाए। जिस पर विश्वास करते हुए उसने 38 लाख रुपये में सौदा तय किया और अलग-अलग बार में 38 लाख रुपये ज्ञान प्रकाश और उसके साथियों को दे दिये। बताया कि बाद में इन लोगों ने न तो काम दिलाया और न ही पैसे लौटाये। जब जानकारी जुटाई गई तो पता चला कि इन लोगों ने उसके साथ जालसाजी की है।
एसएसपी ने बताया कि अक्षय बाबा की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। जिसकी तलाश करते हुए पुलिस टीम को ठग की लोकेशन लखनऊ में मिली। जिसके बाद पुलिस ने उसे बांसगांव थाना खजनी जिला गोरखपुर यूपीहाल निवासी गोमती नगर लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान ज्ञान प्रकाश सिंह ने पुलिस को बताया उसने 38 लाख रुपए अपने सहयोगी इमरान के खाते में ट्रांसफर कराये हैं। जिसके बाद पुलिस इमरान की तलाश में जुट गई है। टीम में ट्रांजिट कैंप के निरीक्षक सुंदरम शर्मा, एसआई ललित चौधरी, अनिल भारती, ललित कांडपाल आदि मौजूद थे।
