हल्द्वानी: संप्रेषण गृह के किशोर और संवासिनियों के हाथों से निर्मित राखी को है आपका इंतजार
भूपेश कन्नौजिया, हल्द्वानी। कालाढूंगी रोड स्थित राजकीय महिला कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र और इसी परिसर में बने किशोर सम्प्रेषण गृह में इस समय खास चहल-पहल है। कारण, रक्षाबंधन का त्योहार है। यहां रह रहे किशोर और संवासिनियों का हुनर राखियों को बनाने में देखते ही बन रहा है। यही कारण है कि इस बार संप्रेषण …
भूपेश कन्नौजिया, हल्द्वानी। कालाढूंगी रोड स्थित राजकीय महिला कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र और इसी परिसर में बने किशोर सम्प्रेषण गृह में इस समय खास चहल-पहल है। कारण, रक्षाबंधन का त्योहार है। यहां रह रहे किशोर और संवासिनियों का हुनर राखियों को बनाने में देखते ही बन रहा है।
यही कारण है कि इस बार संप्रेषण गृह के इन किशोर और संवासिनियों के हाथों से निर्मित राखी खास रहेंगी। संप्रेषण गृह के कार्मिक भी उन्हें हौसला और रचनात्मकता के जरिए आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। पढ़ाई के साथ उन्हें स्वावलंबी बनाने को तैयार किया जा रहा है और हर तीज-त्योहार पर उन्हें मौका दिया जाता है, अपने अंदर के हुनर को पहचानने का।
रक्षाबंधन के मौके पर जहां यहां हस्त निर्मित राखियां तैयार की जा रही हैं तो जन्माष्टमी की तैयारियां भी जोरों पर हैं। संप्रेषण गृह प्रबंधन द्वारा इससे पूर्व श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित कराई गई थी, जिसमें इनके अंदर के छिपे कलाकार और बाल्यपन का बोध हुआ था।
बाजारी प्रतियोगिता में भी कम नहीं किशोर और संवासिनियों द्वारा हस्त निर्मित राखियां बाजार में बिकने वाली महंगी राखियों की तुलना में कम नहीं हैं क्योंकि इन राखियों में निर्मल बोध की झलक और चाहरदीवारी से निकलकर उन्मुक्त गगन में उड़ने की बेताब है। कलावा, ऊन, मोती के अलावा घुंघरू आदि से निर्मित आकर्षक राखियों को आपके प्यार का इंतजार है।
आपके द्वारा खरीदी गयी इन राखियों से इनका हौसला तो बढ़ेगा ही साथ ही उत्साह की वृद्धि भी होगी। हां शायद ये सही मौका भी होगा इन्हें प्रोत्साहित कर सामाज की मुख्य धारा से जोड़ने का। प्रशासन तो इन्हें इनके अतीत को भुला आगे बढ़ नया मुकाम पाने में मदद कर रहा है, ऐसे में आप भी इनके द्वारा बनाईं गयीं राखियों को खरीदकर सहयोग कर सकते हैं।
हम लगातार हर तरह से इन्हें मुख्य धारा से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन का भी सहयोग रहता है। वहीं, रोजगार परक कार्यक्रम और पढ़ाई को लेकर भी कार्य किया जा रहा है। इस बार बच्चों ने खूबसूरत राखियां बनाईं हैं, प्रशासन इन राखियों को लेता है। यदि आम नागरिक भी इन राखियों को ले तो निश्चित तौर पर बच्चों का उत्साहवर्धन होगा।
– विनोद डालाकोटी, अधीक्षक, किशोर सम्प्रेषण गृह, हल्द्वानी
बच्चों की क्रिएटिविटी काबिले तारीफ है, इन्हें लगातार अपडेट रखने, गीत-संगीत और तमाम तरह की गतिविधियों से इनमें आत्मविश्वास के साथ इनके पर्सनालिटी डेवलपमेंट पर भी कार्य कर रहे हैं ताकि जब यह बाहर की दुनिया रूबरू हों तो अपडेट रहें और अपने को पिछड़ा या अलग न समझें। बशर्ते लोग भी इन्हें समझने की कोशिश करें और हां इस बार राखी के त्योहार उम्मीद है कि लोगों को इनकी बनाईं राखियां पसंद आएंगी।
– गीता साह, क्राफ्ट और संगीत शिक्षिका, किशोर सम्प्रेषण गृह, हल्द्वानी
