गदरपुर: जसवीर हत्याकांड के दो आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
रुद्रपुर, अमृत विचार। गदरपुर में शुक्रवार को गोली मारकर किसान की हत्या करने के दो आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दो तमंचे और बाइक के साथ ही दो कारतूस और एक खाली खोखा भी बरामद किया है। जबकि नामजद तीन अन्य लोगों की …
रुद्रपुर, अमृत विचार। गदरपुर में शुक्रवार को गोली मारकर किसान की हत्या करने के दो आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दो तमंचे और बाइक के साथ ही दो कारतूस और एक खाली खोखा भी बरामद किया है। जबकि नामजद तीन अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच में पुलिस जुट गई है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। लेनदेन को लेकर हत्या किये जाने की बात सामने आ रही है। हत्यारे मृतक के दोस्त बताये जा रहे हैं।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि ग्राम खानपुर पश्चिम निवासी जसवीर सिंह उर्फ पिच्चू शुक्रवार शाम ग्राम बैरावजीर थान गदरपुर स्थित राकेश किराना स्टोर पर सामान लेने गया हुआ था। इस दौरान बाइक सवार दो युवक आए और आवाज देकर जसवीर को बुलाया। जसवीर जैसे ही दुकान के बाहर आया, वैसे ही बाइक सवार एक युवक ने उसे गोली मार दी थी। जिससे उसकी मौत हो गई थी। मामले में मृतक के भाई सिकंदर पाल की तहरीर के आधार पर ग्राम रोशनपुर निवासी जगजीत सिंह, प्रदीप सिंह, गुरबचन सिंह, विजय सिंह और सुरजीत सिंह के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी। शनिवार शाम को मुखबिर ने सूचना दी कि हत्या में शामिल दो युवक डलपुरा क्षेत्र में है। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों ने अपना नाम ग्राम रोशनपुर गदरपुर निवासी जगजीत सिंह उर्फ जग्गा और प्रदीप सिंह बताया। इस दौरान उनके पास से पुलिस ने दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा व बाइक भी बरामद की। पुलिस टीम में निरीक्षक गदरपुर विजेंद्र शाह, एसआई ओमप्रकाश, सुनील सुतेड़ी, गिरीश चंद्र पंत आदि मौजूद थे।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गए जगजीत सिंह उर्फ जग्गा ने बताया कि मृतक जसवीर सिंह उर्फ पिच्चू से उसकी दोस्ती थी। कुछ समय पहले रुपयों के लेनदेन को लेकर उसकी जसवीर से विवाद हो गया था। जिसके बाद उसने प्रदीप सिंह के साथ मिलकर उसकी हत्या की।
जग्गा का है अपराधिक इतिहास
एसएसपी ने बताया कि हत्या में शामिल जगजीत सिंह उर्फ जग्गा का अपराधिक इतिहास है। उसके ऊपर आधा दर्जन से अधिक अपराधिक मामलें गदरपुर व आसपास के थाना व चौकियों में दर्ज है। प्रदीप की अभी कोई अपराधिक हिस्ट्री नहीं मिली है।
