कानपुर : लेदर क्लस्टर की भूमि वापस कर सकते हैं उद्यमी, जानिये क्या है बड़ी वजह
कानपुर, अमृत विचार। रमईपुर में लेदर क्लस्टर की स्थापना की राह आसान नहीं रही। 35 हेक्टेयर भूमि न मिल पाने से उद्यमी परेशान हैं और अभी जो भूमि उनके पास है उसे भी वे वापस कर सकते हैं। वैसे तो यह प्रोजेक्ट मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल है, लेकिन शासन स्तर से उद्यमियों द्वारा …
कानपुर, अमृत विचार। रमईपुर में लेदर क्लस्टर की स्थापना की राह आसान नहीं रही। 35 हेक्टेयर भूमि न मिल पाने से उद्यमी परेशान हैं और अभी जो भूमि उनके पास है उसे भी वे वापस कर सकते हैं। वैसे तो यह प्रोजेक्ट मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल है, लेकिन शासन स्तर से उद्यमियों द्वारा खरीदी गई भूमि से ग्राम समाज की सुरक्षित श्रेणी की भूमि की अदला- बदली न हो पाने की वजह से उद्यमियों को दिक्कत आ रही है।
रमईपुर में 102.258 हेक्टेयर में इस क्लस्टर की स्थापना होनी है। केंद्र सरकार से प्रोजेक्ट मंजूर हो चुका है और राज्य सरकार भी इसे हरी झंडी दे चुकी है। वाणिज्य मंत्रालय से विकास के लिए सवा अरब रुपये तो दो सौ करोड़ रुपये गंदे पानी के शोधन के लिए ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना के लिए नमामि गंगे मिशन से मिलना है।
राज्य सरकार कॉमन फैसिलिटी सेंटर की स्थापना के लिए 50 करोड़ रुपये देने को तैयार है। उद्यमी भी चाहते हैं कि जल्द से जल्द वहां विकास कार्य शुरू हो, लेकिन भूमि की अदला- बदली के संबंध में फैसला न किए जाने से योजना मूर्त रूप नहीं ले पा रही है। किसानों से उद्यमियों ने 22 हेक्टेयर भूमि खरीदी है तो प्रशासन ने 42.02 हेक्टेयर भूमि ग्राम समाज की सामान्य श्रेणी की आवंटित की है। 35.238 हेक्टेयर भूमि सुरक्षित श्रेणी की है। यह भूमि तब आवंटित होगी जब उसके बदले में कहीं भूमि सुरक्षित की जाए। उद्यमियों ने साढ़ गांव में भूमि खरीद ली और दो साल पहले इस भूमि से अदला- बदली का प्रस्ताव भी दे दिया।
डीएम भी शासन को प्रस्ताव भेज चुके हैं पर राजस्व विभाग के अधिकारियों की लापरवाही सरकार की मंशा पर भारी पड़ रही है। विकास कार्य मेगा लेदर क्लस्टर डेवलपमेंट यूपी लिमिटेड को करना है। कंपनी के एक डायरेक्टर ने बताया कि अगर अफसरों ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो मुख्यमंत्री से मिलकर भूमि वापस करने का प्रस्ताव दिया जाएगा। एडीएम वित्त राजेश कुमार ने बताया कि अभी अदला- बदली को लेकर कोई निर्णय नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें –बंटावरे में बिछड़े भाई के बेटे से 75 साल बाद मिलेंगे सरवन,भारत -पाकिस्तान के दो यूट्यूबर्स ने मिलवाया
