अयोध्या: रक्षाबंधन पर महिलाओं को गंतव्य तक निशुल्क पहुंचाएगी रोडवेज
अयोध्या। रक्षाबंधन के पर्व पर महिलाओं को सवारियों के लिए अब भटकने की जरूरत नहीं है। पर्व पर महिलाओं को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए परिवहन निगम की ओर से 48 घंटे तक निशुल्क यात्रा की व्यवस्था की गई, जिसके तहत हर आधे-आधे घंटे पर रोडवेज की बसें मिलती रहेंगी। परिवहन निगम के सहायक …
अयोध्या। रक्षाबंधन के पर्व पर महिलाओं को सवारियों के लिए अब भटकने की जरूरत नहीं है। पर्व पर महिलाओं को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए परिवहन निगम की ओर से 48 घंटे तक निशुल्क यात्रा की व्यवस्था की गई, जिसके तहत हर आधे-आधे घंटे पर रोडवेज की बसें मिलती रहेंगी।
परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक महेश कुमार ने बताया कि सरकार के निर्देश पर परिवहन निगम की बसों में 10 अगस्त की मध्य रात्रि से 12 मध्य रात्रि तक ही महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। परिवहन निगम की इस व्यवस्था पर महिलाओं में खुशी का माहौल है।
उनका कहना है कि रक्षाबंधन पर सुबह से ही सड़कों पर सवारियों के लिए मारामारी होती है, जिसके कारण हम लोगों को गंतव्य तक पहुंचे में देर हो जाती है। अयोध्या डिपो में 104 बसें मौजूद हैं, रक्षा बंधन पर्व पर सभी बसों का संचालन भी किया जाएगा।
महिला के साथ जाने वालों को नहीं मिलेगी सुविधा
रक्षाबंधन पर महिलाओं के साथ यात्रा करने वाले सहयोगियों को निशुल्क यात्रा की सुविधा नहीं मिलेगी, बल्कि उन्हें यात्रा के एवज में किराए का भुगतान करना पड़ेगा। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि यह व्यवस्था सिर्फ महिलाओं के लिए की गई है अन्य किसी भी व्यक्ति को इसका लाभ नहीं मिलेगा। उन्होंने बताया कि 48 घंटे की समय सीमा खत्म होने के बाद यदि वह परिवहन निगम की बस से सफर करती हैं तो उन्हें भी किराए देना होगा।
छुट्टियां रद, चालकों व परिचालकों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि
रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए परिवहन निगम में बस संचालन से संबंधित अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, चालकों व परिचालकों को 10 से 15 अगस्त तक की छुट्टी रद कर दी गई है। इसके बदले उन्हें 6 दिनों की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक महेश कुमार ने बताया कि अति विशिष्ट परिस्थितियों को छोड़कर किसी दशा में कोई छुट्टी स्वीकृत नहीं होगी।
चालकों व परिचालकों को 6 दिनों की अवधि में न्यूनतम1800 किलोमीटर के संचालन पर 1200 रुपए प्रोत्साहन राशि देय होगी। इसके अलावा न्यूनतम किमी. की अधिक से संचालन पर प्रति किमी. 55 पैसे प्रति किमी. प्रोत्साहन राशि देय होगी।
पढ़ें-65 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों में से मुरादाबाद मंडल के पांच बहादुरों के नाम होगा डिपो
