नानकमत्ता: पहले दोस्ती फिर बंधक बनाकर पैसे ऐंठने वाले गिरोह का भंडाफोड़
नानकमत्ता, अमृत विचार। पुलिस ने युवकों को अपने जाल मे फंसाने के बाद उन्हें अपने घर में बंधक बनाकर मोटी रकम की मांग करने वाली महिलाओं के गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में तीन महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि तीन आरोपी फरार हैं। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कत्याल …
नानकमत्ता, अमृत विचार। पुलिस ने युवकों को अपने जाल मे फंसाने के बाद उन्हें अपने घर में बंधक बनाकर मोटी रकम की मांग करने वाली महिलाओं के गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में तीन महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि तीन आरोपी फरार हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कत्याल ने घटना का खुलासा करते हुये बताया कि अमरिया पीलीभीत निवासी जयराम मौर्या पुत्र इंद्रपाल प्रसाद ने नानकमत्ता पुलिस को तहरीर सौंप आरोप लगाया था कि वह अपने एक मित्र यशपाल के साथ बरा से खटीमा जा रहा था। बिजटी चौराहे सितारगंज में दो महिलाओं ने उनसे नानकमत्ता के लिए लिफ्ट मांगी।
महिलाओं ने अपनी मीठी-मीठी बातों से उसके साथ दोस्ती गांठ ली। उसके बाद अगले दिन 26 मई को अपनी मौसी के घर बिडौरा मझोला गांव में बुला कर पहले मेहमान नवाजी की और उसके कुछ देर बाद अपने पांच-छह साथियों को बुला कर घर में बंधक बना लिया। उसे झुठे मुकदमें में जेल भेजने की धमकी देकर तमंचे की नोक पर मारपीट की।
50 हजार रुपये की डिमांड की। पीड़ित ने रुपये लाने के बहाने वहां से भाग कर अपनी जान बचाई। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच उप निरीक्षक जावेद मलिक को सौप दी। कुछ इसी तरह की घटना कपड़ा व्यापारी दिनेश अग्रवाल पुत्र भीमराज अग्रवाल निवासी पीलीभीत, मझोला, उत्तर प्रदेश के साथ भी हुई।
गीता नाम की लड़की ने 10 जून को दिनेश अग्रवाल को सिसईखेड़ा में मार्केट बनाने का झांसा देकर अपने घर बुलाया और उसके बाद उसे बंधक बना जेब में रखे दस हजार रुपये और मोबाइल छीन लिया। उससे दो लाख रुपये की डिमांड की गई। उसे काफी देर तक बंधक बनाए रखा गया।
मामलों के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने जांच के बाद गुरविन्दर सिंह पुत्र स्व. जगीर सिंह, निवासी सिसईखेडा नानकमत्ता, सुखविन्दर सिंह उर्फ कुलवंत सिंह पुत्र छवेग सिंह निवासी कैथुलिया, गोगी मौसी उर्फ गुरमीत कौर पत्नी भलवीर सिंह निवासी हरैया, मंजीत कौर उर्फ गीता पुत्री सुरजीत कौर निवासी टुकड़ी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
गिरोह में शामिल गुरनाम सिंह उर्फ गामा पुत्र खिन्डा सिंह निवासी हरैया पहले से जेल में है। जबकि गैंग लीडर बूटा सिंह पुत्र वीर सिंह निवासी बिचुवा भूड़, जैन्टी उर्फ गुरजन्ट सिंह पुत्र कुलवंतत सिंह निवासी सिसईखेड़ा तथा गीता उर्फ सिमरन पत्नी स्व. मलकीत सिंह निवासी बनगवा खटीमा फरार हैं। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष देवेंद्र गौरव, उप निरीक्षक जावेद मलिक, दीवान सिंह, कांस्टेबल नवनीत कुमार, मोहनी गिरी, विक्रम सिंह, रमेश भट्ट, विद्या रानी, बीना कोहली व नवीन जोशी शामिल थे।
