नैनीताल: सलमान खुर्शीद की कोठी में आगजनी और गोली चलाने के मामले में आरोपित केस से बरी
हल्द्वानी, अमृत विचार। हाई कोर्ट ने पूर्व केंद्रीय मंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद की नैनीताल जिले के प्यूड़ा स्थित कोठी में आगजनी और गोली चलाने के मामले में मुख्य आरोपित राकेश कपिल व भाजपा के रामगढ़ मंडल अध्यक्ष कुंदन चिलवाल को आगजनी केस से बरी करते हुए बड़ी राहत दी है। इस मामले …
हल्द्वानी, अमृत विचार। हाई कोर्ट ने पूर्व केंद्रीय मंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद की नैनीताल जिले के प्यूड़ा स्थित कोठी में आगजनी और गोली चलाने के मामले में मुख्य आरोपित राकेश कपिल व भाजपा के रामगढ़ मंडल अध्यक्ष कुंदन चिलवाल को आगजनी केस से बरी करते हुए बड़ी राहत दी है।
इस मामले में शिकायतकर्ता व आरोपित की ओर से समझौता पत्र भी अदालत में दाखिल किया गया है। जिसके आधार पर कोर्ट ने दोनों के मामले को निस्तारित कर दिया। शुक्रवार को वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय कुमार मिश्रा की एकलपीठ में भाजपा नेता कुंदन चिलवाल, कपिल व शिकायतकर्ता सुंदर राम कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से पेश हुए समझौता प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि वह इस वारदात में शामिल नही है। कुछ लोगों ने राजनीतिक कारणों के चलते घटना को अंजाम दिया। उन्हें मामले में गलत फंसाया गया है, उनका इस केस से उनका कोई लेना देना नही है।
अभियोजन के अनुसार 15 नवंबर 2021 को पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की मुक्तेश्वर क्षेत्र के प्यूड़ा स्थित कोठी में कुछ लोगों ने आगजनी, तोड़फोड़ व गोलीबारी की थी, जिसकी वजह से उनके घर में काफी नुकसान हो गया था। केयर टेकर सुंदर राम की तहरीर पर पुलिस ने कुंदन चिलवाल, राकेश कपिल व अन्य लोगो के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। पूर्व में कोर्ट ने दोनों की गिरफ्तारी पर रोक लगाई थी।
सलमान खुर्शीद ने अपनी किताब ‘सनराइज ओवर अयोध्या’ में हिंदुत्व की तुलना आतंकी संगठन आईएसआईएस और बोको हराम से की है और हिंदुत्व की राजनीति को खतरनाक बताया है। इससे भाजपा कार्यकर्ता नाराज थे। इसी के चलते भवाली के प्यूड़ा स्थित कांग्रेसी नेता के काटेज में गत 15 नवंबर को आगजनी व फायरिंग की थी। केयर टेकर सुंदर राम के अनुसार 20 लोग सोमवार दोपहर एक से डेढ़ बजे के बीच कॉटेज को जाने वाले मार्ग पर पहुंच गए। उन्होंने पुतला दहन करने के साथ सलमान खुर्शीद के खिलाफ नारेबाजी की।
इसके बाद कॉटेज में आकर मुख्य दरवाजे में आग लगा दी और तोड़फोड़ शुरू कर दी। उसका कहना है कि कुछ लोगों ने छह से सात राउंड फायर भी किए और खिड़की के शीशे तोड़ दिए।
