चंपावत में अवैध खनन का वीडियो वायरल – प्रशासन पस्त माफिया मस्त
चंपावत, अमृत विचार। रोक के बावजूद खनन माफियाओं के हौंसले इतने बुलंद हैं कि वे खुलेआम दबंगई करते हुए खनन कर रहे हैं। इस बात को प्रमाणित करता हुए एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसके बाद प्रशासन नींद से चेता है और अब जांच कराए जाने की बात कह रहा है। आपको बता …
चंपावत, अमृत विचार। रोक के बावजूद खनन माफियाओं के हौंसले इतने बुलंद हैं कि वे खुलेआम दबंगई करते हुए खनन कर रहे हैं। इस बात को प्रमाणित करता हुए एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसके बाद प्रशासन नींद से चेता है और अब जांच कराए जाने की बात कह रहा है।
आपको बता दें कि राज्य में 15 जून के बाद से नदी नालों में खनन कार्यों पर रोक है। लेकिन चम्पावत के मैदानी क्षेत्र टनकपुर में शारदा नदी से लगे विवादित 28 हेक्टेयर क्षेत्र में अवैध खनन होने का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में अवैध खनन का भंडारण कर खनन सामग्री मजदूरों द्वारा छनवाए जाना साफ नजर आ रहा है। वीडियो में अवैध खनन से जुड़े स्थानीय लोगों के नाम भी सामने आए हैं। वीडियो बनाने वाला शख्स स्थानीय प्रधान व एक अन्य का नाम लेता ननजर आ रहा है। उचौलीगोठ गांव से सटे 28 हेक्टेयर क्षेत्र खनन को लेकर पहले से ही विवादों में रहा है। मानसून सत्र से पूर्व खनन निकासी के दौरान स्थानीय प्रशासन ने रीवर ट्रेनिंग के तहत खनन निकासी के पट्टे जारी किए थे। लेकिन ग्रामीणों ने भू कटाव और बाढ़ की सम्भावनाओं को देखते हुए खनन निकासी का जमकर विरोध किया। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली भी कटघरे में आ गई है। लोगों ने माफियाओं के साथ प्रशासनिक अमले की सांठगांठ का आरोप लगाया है। एसडीएम हिमांशु कफल्टिया का कहना है कि मामले की जांच करवाई जा रही है और मौके पर राजस्व विभाग की टीम को रवाना कर दिया गया है।
