उत्तराखंड: आपदा का करेंगे मजबूती से मुकाबला, जरूरत पर लेंगे सेना की मदद : मुख्यमंत्री धामी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। अतिवृष्टि के रूप में आई तबाही का मंजर देखने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार सुबह ही आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंच गए। उन्होंने कहा कि आपदा का सभी मिलकर मजबूती से मुकाबला करेंगे। आपदा प्रभावित लोगों को हर आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। प्रभावित क्षेत्रों में युद्ध स्तर पर बचाव …

देहरादून, अमृत विचार। अतिवृष्टि के रूप में आई तबाही का मंजर देखने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार सुबह ही आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंच गए। उन्होंने कहा कि आपदा का सभी मिलकर मजबूती से मुकाबला करेंगे। आपदा प्रभावित लोगों को हर आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। प्रभावित क्षेत्रों में युद्ध स्तर पर बचाव कार्य चल रहा है। अगर जरूरत पड़ी तो सेना की मदद भी ली जाएगी।

शनिवार सुबह आपदा की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री धामी एक्शन में आ गए। उन्होंने थानो, कुमाल्डा एवं उसके आसपास के आपदा प्रभावित क्षेत्रों के स्थलीय निरीक्षण के दौरान कमिश्नर गढ़वाल एवं जिलाधिकारी टिहरी को निर्देश दिए कि आपदा प्रभावित क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाएं। उनके लिए भोजन एवं अन्य आवश्यक सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था की जाये।

कहीं पैदल तो कहीं जेसीबी से जायजा
आपदा के बाद उपजे हालातों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में पैदल ही भ्रमण किया। पथरीले और ऊबड़-खाबड़ स्थानों से होते हुए मुख्यमंत्री ने तबाही के मंजर को नजदीक से देखने के साथ लोगों को हो रही समस्याओं को समझा। जलभराव या अन्य कारणों से जहां पैदल चलना संभव नहीं था, वहां जेसीबी की मदद से उन्होंने जायजा लिया।

प्रभावित लोगों से मौके पर बातचीत कर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो मार्ग अवरुद्ध हुए हैं, लोगों को आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए। जिन क्षेत्रों में पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है, वहां जल्द सुचारू व्यवस्थाएं की जाये। थानों मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवागमन को सुचारू करने के लिए शीघ्र वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन एवं एसडीआरएफ की टीमें निरंतर राहत एवं बचाव कार्यों के साथ ही अन्य व्यवस्थाएं कर रही हैं। संबंधित विधायक भी अपने क्षेत्रों में हर स्थिति पर निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने संबंधित विधायकों से फोन पर वार्ता कर स्थिति की जानकारी ली। सीएम धामी ने कहा कि हम सेना से भी संपर्क में हैं। अगर हेलीकॉप्टर की आवश्यकता पड़ी तो सेना से भी मदद ली जाएगी। स्टेट हेलीकॉप्टर को भी आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए अलर्ट मोड पर रखा गया है।

संबंधित समाचार