मोदी ट्वीट के मायने

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सोशल मीडिया छोड़ने का फैसला एकदम चौंकाने वाला था। फिर उन्होंने खुद ही अपनी बात का खंडन किया कि वह सोशल मीडिया को अब महिलाओं के योगदान पर समर्पित करेंगे। शायद सोशल मीडिया छोड़ने की बात कहने के पीछे प्रधानमंत्री की मंशा इसका दुरुपयोग रोकने …

सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सोशल मीडिया छोड़ने का फैसला एकदम चौंकाने वाला था। फिर उन्होंने खुद ही अपनी बात का खंडन किया कि वह सोशल मीडिया को अब महिलाओं के योगदान पर समर्पित करेंगे। शायद सोशल मीडिया छोड़ने की बात कहने के पीछे प्रधानमंत्री की मंशा इसका दुरुपयोग रोकने का संदेश देने की रही हो।

सच है कि सोशल मीडिया में अच्छाई की जगह बुराई जल्दी प्रचारित होती है। इंटरनेट के साथ ही सोशल मीडिया समाज में इस कदर पैठ बना चुका है कि यहां किसी भी बात को प्रचारित होते देर नहीं लगती है। इसकी तमाम अच्छाइयां सामने हैं, जिनमें सोशल मीडिया ने लोगों की तमाम प्रकार से मदद की है।

रातों-रात गायिकी की दुनिया में नाम कमाने वाली रानू मंडल इसका उदाहरण है, जो रेलवे स्टेशन पर गाकर गुजारा करती थीं, मगर आज वह स्टार हैं। सोशल मीडिया का आज के दौर में दुरुपयोग भी बहुत ज्यादा हो रहा है। एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप करने का यह एक माध्यम बन गया है जबकि इसका जन्म अच्छाई को प्रचारित करने के लिए हुआ था, बुराई के लिए नहीं।

प्रधानमंत्री मोदी सोशल मीडिया के स्टार हैं। वे ट्विटर पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले नेता हैं। उनके पांच करोड़ 33 लाख फॉलोअर हैं। फेसबुक पर उन्हें फॉलो करने वालों की संख्या चार करोड़ चार लाख है। मोदी के इस ट्वीट को 49 हजार बार री-ट्वीट किया गया। जिसमें उनसे सोशल मीडिया न छोड़ने की अपील की गई। साथ ही कानपुर से भाजपा के सांसद सत्यदेव पचौरी ने कहा मोदी जी का सोचना सही है, क्योंकि सोशल मीडिया पर अपशब्दों व अफवाहों की भरमार है। उससे माहौल बिगड़ता है। ऐसे में सोशल मीडिया से दूरी बनाने की जरूरत भी है।

बाद में प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर वह अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स ऐसी महिलाओं को सौंपेंगे, जिनका जीवन प्रेरणा देने वाला हो। उन्होंने लोगों से ऐसी महिलाओं की कहानियां उनके साथ साझा करने का अनुरोध किया। इससे उन्हें लोगों को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी।

जाहिर है अपनी इस बात के जरिए प्रधानमंत्री देश के लोगों को सोशल मीडिया का सही उपयोग करने के बारे में कहना चाह रहे हैं। इसके लिए उन्होंने जो तरीका इस्तेमाल किया वह जरूर चौंकाने वाला था, मगर उनकी बात का मतलब समझकर सोशल मीडिया का उपयोग लोग समाज हित में करें तो ज्यादा बेहतर है।