वैक्सीन ही उपाय

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कोरोना से निपटने को लेकर चिकित्सा विज्ञानी अब तक किसी भी नतीजे तक नहीं पहुंच पाए हैं, जिससे कोरोना का सही इलाज किया जा सके। अब तक देखा गया है कि कोरोना से ग्रस्त मरीज की रोग प्रतिरोधक क्षमता कितनी है। उसे अन्य बीमारियां तो नहीं हैं, जिनके चलते कोरोना संक्रमण काल में वह खतरे …

कोरोना से निपटने को लेकर चिकित्सा विज्ञानी अब तक किसी भी नतीजे तक नहीं पहुंच पाए हैं, जिससे कोरोना का सही इलाज किया जा सके। अब तक देखा गया है कि कोरोना से ग्रस्त मरीज की रोग प्रतिरोधक क्षमता कितनी है। उसे अन्य बीमारियां तो नहीं हैं, जिनके चलते कोरोना संक्रमण काल में वह खतरे में आ जाए। यानी पूरी तरह कोरोना संक्रमण का इलाज अभी कोरोना ग्रसित व्यक्ति की शारीरिक क्षमता पर ही निर्भर है।

हालांकि बीच में दिल्ली सरकार ने जब घोषणा की थी कि प्लाज्माथेरेपी से कोरोना संक्रमित के इलाज का असर दिख रहा है और दो मरीजों के ठीक होने का भी दावा किया गया तो कोरोना के खिलाफ लड़ाई में एक उम्मीद जरूर जगी थी। मगर केंद्र सरकार ने मंगलवार को साफ कर दिया कि प्लाज्माथेरेपी से इलाज का दावा गैर कानूनी है। सरकार का कहना था कि इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) की तरफ से अब तक प्लाज्माथेरेपी से इलाज पर अनुमित नहीं दी गई है।

केंद्र के इस दावे के बाद लोगों में निराशा जरूर छाई क्योंकि एक तरफ इलाज की एक उम्मीद पर सवालिया निशान लगे तो दूसरी ओर कोरोना के मामलों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। हालांकि कोरोना संक्रमण के इलाज की प्लाज्माथेरेपी को अभी बिलकुल नकारा नहीं जा सकता है क्योंकि इसका प्रयोग अभी आरंभिक चरण में है। उम्मीद की जानी चाहिए कि इस उपाय से भविष्य में कोरोना संक्रमित मरीजों को फायदा हो सके।

इसी बीच कोरोना संक्रमण के दीर्घकालिक असर भी दिखने लगे हैं, जिनमें एक प्रमुख ओलंपिक आयोजन को लेकर संकट भी है। इस वर्ष आयोजित होने वाला टोक्यो ओलंपिक रद हो चुका है। मगर बात यहीं खत्म नहीं होती है। मामला बिना कोरोना वैक्सीन के ओलंपिक आयोजन नहीं होने की स्थिति तक पहुंच रहा है। टोक्यो ओलंपिक खेलों की आयोजन समिति के अध्यक्ष योशिरो मोरी ने कहा है कि भविष्य में अगर किसी भी तरह की अप्रत्यािशत परिस्थिति के चलते ओलंपिक की मेजबानी में देरी होती है तो इसे पूरी तरह से रद कर दिया जाएगा।

ऐसी स्थिति में वैक्सीन ही एक मात्र ऐसा उपाय बचता है जिससे कोरोना के खिलाफ लड़ाई में जीत हासिल हो सके। बात यहां ओलंपिक से ज्यादा कोरोना के खिलाफ लड़ाई की है क्योंकि वैज्ञानिक कह चुके हैं कि कोरोना मानव में आ गया तो इसे अब यहीं बसेरा बनाकर रहना है। ऐसे में वैक्सीन ही इससे जीत का एकमात्र उपाय है।